LOADING...
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अन्ना हजारे बोले- जो हुआ, उनके कामों की वजह से हुआ
अन्ना हजारे ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अन्ना हजारे बोले- जो हुआ, उनके कामों की वजह से हुआ

Mar 22, 2024
01:42 pm

क्या है खबर?

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी उनके कामों की वजह से हुई है और शराब का विरोध करने वाला व्यक्ति ही शराब नीति बना रहा था। बता दें कि अन्ना के 2011 के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से ही केजरीवाल को राष्ट्रीय पहचान मिली थी और फिर वे राजनीति में आए। इस आंदोलन के मास्टरमाइंड केजरीवाल ही थे।

बयान

क्या बोले अन्ना?

महाराष्ट्र के अहमदनगर में समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए अन्ना हजारे ने कहा, "अरविंद केजरीवाल जैसा आदमी, जो मेरे साथ काम करता था और शराब के खिलाफ हम लोगों ने आवाज उठाई थी, वो आज शराब नीति बना रहा है। इससे मुझे दुख हुआ। लेकिन करेगा क्या, सत्ता के सामने कुछ नहीं कर सकते। अभी जो उसको गिरफ्तार किया गया है, वो उनकी कृति (काम) की वजह से हुआ।"

गिरफ्तारी

केजरीवाल को क्यों गिरफ्तार किया गया?

ED ने गुरुवार रात को शराब नीति मामले में केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। उसका आरोप है कि भारत राष्ट्र समिति (BRS) नेता के कविता ने उसके सामने दिए गए बयान में कहा कि उन्होंने शराब नीति के जरिए फायदे के लिए केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे AAP नेताओं को 100 करोड़ रुपये दिए। ED का यह भी कहना है कि केजरीवाल ने आरोपी समीर महेंद्रू के साथ वीडियो कॉल में मुख्य आरोपी विजय नायर को अपना बंदा बताया था।