हिमाचल में 'कुदरत का कहर': भूस्खलन से एक की मौत, 206 सड़कें बंद
देश
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन का कहर जारी है। ताजा घटना में शिमला-धर्मशाला हाइवे पर भरारिघाट के पास एक कार पर पत्थर गिर गया। इस हादसे में 63 साल के अनिल बख्शी की जान चली गई। उनकी पत्नी और बेटा घायल हुए। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हाइवे करीब एक घंटे तक बंद रहा।
भूस्खलन की वजह से हिमाचल की 206 सड़कें बंद
पूरे राज्य में भूस्खलन और मलबे के कारण 206 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें 2 नेशनल हाइवे भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा असर मंडी और कुल्लू जिले में देखने को मिला है। यहां कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं और घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
फ्लैश फ्लड और भारी बारिश की चेतावनी के बाद कुल्लू में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि 17 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है, जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।