Page Loader
आंध्र प्रदेश: कोनसीमा जिले का नाम बदलने के विरोध में हिंसा, परिवहन मंत्री का घर फूंका
जिले का नाम बदलने के विरोध में हिंसा

आंध्र प्रदेश: कोनसीमा जिले का नाम बदलने के विरोध में हिंसा, परिवहन मंत्री का घर फूंका

May 24, 2022
09:15 pm

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही बनाए गए कोनसीमा जिले का नाम बदलने के प्रस्ताव को लेकर अमलापुरम शहर में चल रहे विरोध प्रदर्शन पर मंगलवार को पुलिस के लाठीचार्ज करने के बाद हिंसा भड़क गई। प्रदर्शनकारियों ने न केवल पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, बल्कि राज्य के परिवहन मंत्री पिनिपे विश्वरूपु के घर को भी आग लगा दी। हालांकि, वारदात के समय परिवहन मंत्री घर पर नहीं थे। पथराव में करीब 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

प्रकरण

जिले का नाम बदलने के प्रस्ताव का हो रहा विरोध

बता दें कि आंध्र प्रदेश सरकार ने गत 4 अप्रैल को राज्य में 13 नए जिले बनाने का ऐलान किया था। इनमें पूर्वी गोदावरी जिले से अलग कर नया कोनसीमा जिला भी बनाया गया था। पिछले सप्ताह सरकार ने एक प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर कोनसीमा का नाम बदलकर बीआर अंबेडकर कोनसीमा जिला करने का प्रस्ताव रखा था। सरकार ने इस पर लोगों से आपत्तियां भी मांगी थी। सरकार के इसी प्रस्ताव का अमलापुरम शहर में लोग विरोध कर रहे हैं।

लाठीचार्ज

पुलिस के लाठीचार्ज करने पर भड़की हिंसा

सरकार के प्रस्ताव के विरोध में कोनसीमा परिक्षण समिति, कोनसीमा साधना समिति और अन्य संगठनों के पदाधिकारी और लोग मंगलवार को अमलापुरम में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इससे प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भी बल प्रयोग किया। इसमें पुलिस उपाधीक्षक माधव रेड्डी सहित 20 पुलिसकर्मी और 40 प्रदर्शनकारियों को चोटें आई हैं।

आग

प्रदर्शनकारियों ने परिवहन मंत्री के घर और कई वाहनों को आग लगाई

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने BVC कॉलेज की एक बस और आंध्र प्रदेश परिवहन निगम की दो बसों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इसके अलावा कलेक्ट्रेट के पास खड़े दो पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया प्रदर्शनकारियों ने परिवहन मंत्री विश्वरूपु के घर को भी आग लगा दी। इससे रसोई गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया और आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। आग से घर का पूरा सामान जल गया।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए वीडियो

जानकारी

पुलिस ने दमकल की मदद से आग पर काबू पाया

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची तीन दमकलों ने वाहनों और मंत्री के घर में लगी आग पर काबू पाया। इसके अलावा अन्य जिलों की पुलिस को बुलाकर प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ा। शहर में हालत बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

बयान

दोषियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई- गृह मंत्री

इस घटना को लेकर राज्य की गृह मंत्री तनेती वनिता ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने कहा, "अमलापुरम शहर में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इसमें 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हम घटना की गहन जांच करेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने कहा, "प्रभावित इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। CCTV फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान की जा रही है।"