
आंध्र प्रदेश: अंबेडकर कोनासीमा में ONGC के कुएं से गैस का रिसाव, मचा हड़कंप
क्या है खबर?
आंध्र प्रदेश के अंबेडकर कोनासीमा जिले में बुधवार रात को उस समय हड़कंप मच गया, जब तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) के कुएं से गैस रिसाव होने लगा। घटना औद्योगिक केंद्र अमलापुरम से लगभग 12 किलोमीटर दूर, ममिडिकुडुरु मंडल के पसारलापुडी गांव में ONGC परिसर में पुन:ड्रिलिंग के दौरान हुई थी। घटना के ठीक बाद मौके पर पहले से तैनात दमकल कर्मियों ने ONGC कर्मियों की मदद रिसाव को रोक दिया और आग लगने से बचाने में मदद की।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार रात को कुआं संख्या 21 में पुन: ड्रिलिंग के दौरान उच्च दबाव वाली गैस का जेट लगभग 20 मीटर ऊपर हवा में उठा और गैस लीक करने लगी। गैस लीक करते ही ONGC कर्मचारी डर के मारे कुआं संख्या 21 क्षेत्र से भाग गए। आसपास रहने वालों को इसकी जानकारी मिली, तो वे भी भागने लगे। हालांकि, ONGC की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने तुरंत स्थिति पर काबू पाया और संकट को टाल दिया।
डर
घटना के बाद से ग्रामीण डरे
अग्निशमन विभाग के निरीक्षक हनुमंत राव का कहना है कि ONGC के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आगे की ड्रिलिंग पूरी सुरक्षा जांच के बाद ही शुरू की जाएगी। उधर, ग्रामीणों ने क्षेत्र में ONGC के परिचालन से पैदा खतरों पर चिंता जताई और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े उपायों की मांग की। बता दें कि क्षेत्र में व्यापक कृष्णा गोदावरी बेसिन अपने समृद्ध हाइड्रोकार्बन भंडारों के कारण ONGC के संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
जानकारी
पहले भी हो चुका है हादसा
इंडिया टुडे के मुताबिक, मार्च में जिले में ONGC के केसनपल्ली गैस संग्रहण केंद्र में हाइड्रोजन सल्फाइड गैस लीक होने से 9 कर्मचारी और 4 वर्षीय बच्चा बीमार पड़ा था। अधिकारियों ने रिसाव के लिए खराब रखरखाव और सूक्ष्मजीवों के जमाव को जिम्मेदार ठहराया था।