जम्मू-कश्मीर में हुआ LeT के आतंक का खात्मा, अमित शाह ने सुरक्षाबलों की जांबाजी को किया सलाम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की जमकर तारीफ की है। सुरक्षाबलों ने घाटी में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आखिरी स्थानीय आतंकी लतीफ भट्ट को ढेर कर दिया है। यह संयुक्त ऑपरेशन 18 नवंबर को कुलगाम में अंजाम दिया गया। यहां लतीफ एक मस्जिद में छिपा बैठा था और उसने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण करने से साफ मना कर दिया था। इस ऑपरेशन में सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), जम्मू-कश्मीर पुलिस और खुफिया एजेंसियों की टीमों ने मिलकर काम किया।
लतीफ के हमले में घायल हुए 3 CRPF जवान
सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई लतीफ और उसके एक साथी द्वारा किए गए हालिया हमले के बाद हुई है। उस हमले में CRPF के 3 जवान घायल हो गए थे। लतीफ का वो साथी पहले ही ढेर कर दिया गया था, लेकिन लतीफ पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। शाह ने इन सभी सुरक्षा एजेंसियों के जवानों की बहादुरी और बेहतरीन तालमेल की तारीफ करते हुए कहा कि, "देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के सभी बहादुर जवानों को सलाम करता है।"