LOADING...
मध्य पूर्व तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की ईरान के राष्ट्रपति से बातचीत
प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से की बात (फाइल तस्वीर)

मध्य पूर्व तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की ईरान के राष्ट्रपति से बातचीत

लेखन Manoj Panchal
Mar 12, 2026
11:42 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (12 मार्च) को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ फोन पर बातचीत की और मध्य पूर्व की बिगड़ती स्थिति पर "गहरी चिंता" व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने उनके साथ शांति और संवाद के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर दी। बता दें, पिछले काफी दिनों से मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली सीधी बातचीत थी।

बयान 

प्रधानमंत्री ने नुकसान को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की

मोदी ने लिखा, 'क्षेत्र की गंभीर स्थिति पर चर्चा करने के लिए ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर मसूद पेजेश्कियान से बातचीत की। तनाव बढ़ने, आम नागरिकों की मौत और नागरिक ढांचे को हुए नुकसान को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सुरक्षित वापसी, साथ ही सामान और ऊर्जा की निर्बाध आवाजाही भारत की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। भारत की शांति और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया और संवाद तथा कूटनीति के जरिए समाधान निकालने पर जोर दिया।'

ट्विटर पोस्ट

प्रधानमंत्री ने दी जानकारी

Advertisement

अन्य बातचीत 

दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने भी की थी बातचीत

आज इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से बातचीत की थी जिसमें समुद्री जहाजों की सुरक्षा तथा ऊर्जा सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस चर्चा के बाद ईरान ने भारतीय तेल जहाजों को हार्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है। इस राजनयिक वार्ता का उद्देश्य भारतीय जहाजों की आवाजाही को सुरक्षित करना था, ताकि कच्चे तेल और LPG की आपूर्ति जारी रह सके।

Advertisement

जानकारी

ईरान में करीब 9,000 भारतीय नागरिक मौजूद

हाल ही में विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि फिलहाल करीब 9,000 भारतीय नागरिक ईरान में मौजूद हैं, जिनमें छात्र, नाविक, पेशेवर, कारोबारी और तीर्थयात्री शामिल हैं। देश में सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।

तनाव 

मध्य पूर्व में जारी है तनाव

अमेरिका और इजरायल का ईरान के खिलाफ युद्ध के 13 दिन हो गए हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,878 पर पहुंच गया है। ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने युद्ध खत्म करने के लिए 3 शर्तें रखी हैं। उन्होंने कहा कि अगर ईरान के कानूनी अधिकारों को मान्यता मिले, युद्ध से हुए नुकसान की भरपाई की जाए और ईरान के खिलाफ भविष्य में किसी प्रकार के हमले न होने की अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा गारंटी मिले तो युद्ध रुक सकता है।

Advertisement