अजीत डोभाल का पश्चिम एशिया तनाव पर सीधा संदेश, कहा- दुनिया को चुकानी पड़ेगी कीमत
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मॉस्को में एक बड़े सुरक्षा सम्मेलन में कहा कि भारत पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि होर्मुज जलडमरूमध्य और लाल सागर जैसे अहम समुद्री रास्तों को खुला रखना बहुत जरूरी है।
डोभाल ने चेतावनी दी कि इन रास्तों पर किसी भी तरह की परेशानी आने पर दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई पर बुरा असर पड़ेगा, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को भारी झटका लग सकता है।
डोभाल ने ईरान के टोलिंग सिस्टम को लेकर जताई चिंताएं
डोभाल ने इस बात पर भी चिंता जताई कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों पर 'टोलिंग' सिस्टम लागू करने की कथित तौर पर कोशिश कर रहा है।
उनके मुताबिक, इन कदमों से अमेरिका जैसे देशों के साथ तनाव बढ़ रहा है और दुनिया भर में ऊर्जा की आपूर्ति अस्थिर हो सकती है।
डोभाल ने यहीं अपनी बात खत्म नहीं की, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से भी मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना करने के लिए तुरंत आवश्यक बदलावों की मांग की।