Loading...
एयर इंडिया फुकेट मामला: पायलट के नशे में होने की पुष्टि, हाइड्रोलिक सिस्टम में भी खराबी
फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया विमान की घटना को लेकर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आई है

एयर इंडिया फुकेट मामला: पायलट के नशे में होने की पुष्टि, हाइड्रोलिक सिस्टम में भी खराबी

लेखन आबिद खान
Sep 04, 2026
02:07 pm

क्या है खबर?

थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रहा एयर इंडिया का जो विमान टर्बुलेंस का शिकार हुआ था, उसकी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आई है। इसमें कहा गया है कि विमान का पाइलट नशे की हालत में था। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, घटना की जांच कर रही एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की शुरुआती रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। बता दें कि इस घटना में विमान अचानक 300 फीट नीचे आ गया था।

रिपोर्ट

पायलट का ड्रग टेस्ट आया पॉजिटिव

(AAIB) की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पायलट का नशे से जुड़ा टेस्ट पॉजिटिव आया है। AAIB ने कहा कि कमांडिंग पायलट की नशे में होने की पुष्टि होना गंभीर चिंता का विषय है। साथ ही उन्होंने कहा कि तकनीकी और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है, जिसके बाद अंतिम रिपोर्ट जारी की जाएगी।

वहीं, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

हाइड्रोलिक सिस्टम

तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम में आई थी खराबी

रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ान के दौरान एयरबस विमान के फ्लाइट-कंट्रोल सिस्टम ने तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी रिकॉर्ड की थी।

पहले ग्रीन हाइड्रोलिक सिस्टम ने काम करना बंद किया। कुछ ही सेकेंड बाद ब्लू और यलो सिस्टम में भी प्रेशर की कमी दर्ज की गई।

इसके बाद स्थिति बिगड़ती गई और ऑटोपायलट मोड भी बंद हो गया। फिर कुछ समय के लिए चेतावनी भी आई। हालांकि, थोड़ी देर बाद तीनों सिस्टम ने फिर से काम करना शुरू कर दिया।

ADVERTISEMENT

जांच

AAIB ने कहा- 24 लोगों को किया गया इलाज

10 पन्नों की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, विमान के दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद 24 लोगों को चिकित्सकीय सहायता दी गई। इनमें से 4 को गंभीर चोटें आई थीं।

AAIB ने कहा, "साइकोएक्टिव पदार्थ के सेवन की पुष्टि गंभीर चिंता का विषय है और AAIB DGCA द्वारा उचित कार्रवाई की सिफारिश करता है। जांच दल ने दिल्ली हवाईअड्डे पर चालक दल के सदस्यों से बातचीत की। इसके बाद उड़ान दल के दोनों सदस्यों से भी पूछताछ की।"

ADVERTISEMENT

घटना

क्या है विमान घटना का मामला?

फुकेट से 4 अगस्त को रवाना हुई एयर इंडिया की उड़ान AI-2379 को मंगलवार सुबह 11:15 बजे दिल्ली पहुंचना था। यात्रा शुरू होने के 90 मिनट बाद अचानक विमान 300 फीट नीचे गिर गया, जिससे यात्रियों को तगड़े झटके लगे।

विमान करीब 2-3 मिनट तक भयानक टर्बुलेंस में फंसा रहा। विमान में 137 यात्री और 8 चालक दल सदस्य सवार थे, जिनमें 20 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य विमान में इधर-उधर टकराने से घायल हो गए।

ADVERTISEMENT