फुकेत-दिल्ली उड़ान में टर्बुलेंस घटना को लेकर केंद्र ने निवर्तनाम CEO कैंपबेल विल्सन को तलब किया
क्या है खबर?
थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI-2379 में 4 अगस्त को भयंकर टर्बुलेंस से घायल हुए 17 यात्रियों को लेकर केंद्र सरकार ने जांच तेज कर दी है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को इस संबंध में पूछताछ के लिए एयर इंडिया के निवर्तमान मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कैंपबेल विल्सन को तलब किया है। इस घटना के सुरक्षा और जवाबदेही संबंधी पहलुओं की जांच के लिए मंत्रालय में एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही है।
जांच
DGCA और AAIB कर रहा है मामले की जांच
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यह कदम नागरिक उड्डयन सचिव, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के वरिष्ठ अधिकारियों और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुई एक बैठक के बाद उठाया है।
बैठक में मंत्रालय के सचिव समीर सिन्हा, DGCA के महानिदेशक वीर विक्रम यादव और AAIB के महानिदेशक जीवीजी युगंधर शामिल हैं।
घटना को लेकर DGCA और AAIB जांच कर रहे हैं।
घटना
क्या है घटना?
फुकेत से 4 अगस्त को रवाना हुई एयर इंडिया की उड़ान AI-2379 को मंगलवार सुबह 11:15 बजे दिल्ली पहुंचना था।
यात्रा शुरू होने के 90 मिनट बाद अचानक विमान डगमगाया और 300 फीट नीचे गिर गया, जिससे यात्रियों को तगड़े झटके लगे। विमान करीब 2-3 मिनट तक भयानक टर्बुलेंस में फंसा रहा।
विमान में 137 यात्री और 8 चालक दल सदस्य सवार थे, जिनमें 13 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य विमान में इधर-उधर टकराने से घायल हो गए।
जांच
अभी तक हुई जांच में क्या पता चला?
अभी तक जांच में पता चला कि उड़ान के दौरान ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट हो गया, जिसके बाद सह-पायलट ने मैन्युअल नियंत्रण संभाला था।
इसके कुछ देर बाद, उड़ान नियंत्रण में स्टॉल का संदेश दिखाई दिया। विमान में अन्य तकनीकी और यांत्रिक समस्याओं के साथ-साथ मची हलचल के कारण कई संकेतक स्विच भी कुछ समय के लिए बंद हो गए।
विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम भी अचानक फेल हो गए थे, जो उड़ान नियंत्रण सहित कई कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है।