
अहमदाबाद-लंदन एयर इंडिया उड़ान तकनीकी खराबी के कारण रद्द, इंडिगो उड़ान की नागपुर में आपातकालीन लैंडिंग
क्या है खबर?
गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना होने वाली एयर इंडिया की उड़ान को मंगलवार को तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दिया गया।
एयर इंडिया उड़ान AI-159 मंगलवार को नई दिल्ली से अहमदाबाद आई थी, जिसके बाद इसे 1:10 बजे लंदन के लिए उड़ान भरनी थी।
यह दूसरी बार है, जब लंदन की एयर इंडिया उड़ान में खराबी आई है। इससे पहले 12 जून को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है, जिसमें 274 की जान गई है।
जानकारी
समान रूट पर थी AI-159 उड़ान
फ्लाइटराडार24 की जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद-लंदन मार्ग पर उड़ान भरने वाला विमान भी बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर है। यह वही मॉडल है, जो 12 जून को एयर इंडिया दुर्घटना में शामिल था। इस मार्ग पर उड़ान AI-171 की जगह AI-159 कर दी गई है।
रद्द
एयर इंडिया के विमानों में लगातार आ रही समस्या
मंगलवार को सुबह खबर आई कि सैन फ्रांसिस्को-मुंबई एयर इंडिया की उड़ान को कोलकाता उतारने के बाद बाएं इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला।
इसके कारण यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और करीब 3 घंटे तक समस्या पर काम किया गया।
सोमवार को दिल्ली-रांची एयर इंडिया एक्सप्रेस उड़ान को तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली लाया गया था।
इससे पहले बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की हांगकांग-दिल्ली एयर इंडिया AI-315 उड़ान तकनीकी समस्या के कारण वापस हांगकांग लौट गया।
धमकी
इंडिगो को मिली बम से उड़ाने की धमकी, उड़ान संख्या का जिक्र
केरल के कोच्चि से दिल्ली आ रही इंडिगो की उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद महाराष्ट्र के नागपुर में आपातकालीन स्थिति में उतारा गया।
इंडिगो विमान 6E2706 ने कोच्चि हवाई अड्डे से सुबह 9:20 बजे उड़ान भरी थी, जिसे दोपहर 12:35 बजे दिल्ली उतरना था, लेकिन धमकी के कारण नागपुर मोड़ दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया।
धमकी में उड़ान संख्या का जिक्र होने के चलते मामला गंभीर था। आगे जांच चल रही है।
हादसा
अहमदाबाद विमान हादसे में गई हैं कई जान
गुरुवार 12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली बोइंग ड्रीमलाइनर एयर इंडिया AI-171 कुछ सेंकेड में ही बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के समय विमान में 242 यात्री, 2 पायलट और 10 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिसमें सिर्फ एक यात्री की जान बच सकी। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की भी हादसे में मौत हो गई।
जमीन पर करीब 20 लोगों की मौत हुई है।