शहीद अग्निवीर अक्षय गवाते के परिवार को मिली 1.08 करोड़ रुपये की सहायता, अब की जा रही यह मांग
अग्निवीर अक्षय गवाते ने 21 अक्टूबर, 2023 को सियाचिन में अपनी जान गंवाई थी। अब उनके परिवार को सरकार की तरफ से कुल 1.08 करोड़ रुपये की सहायता मिली है। इस राशि में इंश्योरेंस के साथ-साथ केंद्र सरकार और राज्य सरकार की ओर से मिली मदद शामिल है। इस भारी नुकसान के बाद भी अक्षय के पिता अपनी बेटी (अक्षय की बहन) के लिए सरकारी नौकरी की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि इस मुश्किल घड़ी में उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
अग्निपथ योजना: चार साल की सेवा और 1 करोड़ का बीमा कवर
अक्षय अग्निपथ योजना के तहत ही सेना में शामिल हुए थे। इस योजना के जरिए युवाओं को 4 साल तक सेना में सेवा देने का मौका मिलता है। इनमें से सिर्फ एक चौथाई जवानों को ही आगे सेवा के लिए स्थाई किया जाता है। युवाओं को देश सेवा का अनुभव देने और उनके भविष्य को दिशा देने के मकसद से यह योजना शुरू की गई थी। वहीं, किसी अग्निवीर की ड्यूटी के दौरान मौत होने पर, सरकार उसके परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का वादा करती है।