केरल में गोमांस की किल्लत, आंध्र प्रदेश की जब्ती ने बढ़ाई कीमत
केरल में मांस की भारी कमी हो गई है। इसका सीधा असर गोमांस के बढ़ते दामों पर दिख रहा है। इसकी मुख्य वजह पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में गोमांस ले जा रही गाड़ियों की लगातार हो रही जब्ती है। आपूर्ति घटने से अब कई परिवारों को अपने खाने का मेन्यू बदलना पड़ रहा है। कोट्टायम, इडुक्की, पठानमथिट्टा और अलप्पुझा जैसे जिलों के स्थानीय कसाइयों ने 6 से 7 जून तक 2 दिन की हड़ताल का ऐलान भी कर दिया है।
कोट्टायम में मवेशियों का आयात आधा हुआ
कोट्टायम में मवेशियों का आयात आधा हो गया है। पहले जहां हर हफ्ते करीब 700 जानवर आते थे, अब यह संख्या घटकर महज 350 रह गई है। स्थानीय फार्म राज्य की इतनी जरुरत पूरी नहीं कर पा रहे हैं। केरल को साल भर में लगभग 880 मीट्रिक टन गोमांस की जरुरत होती है, लेकिन यहां केवल 523 मीट्रिक टन का ही उत्पादन हो पाता है। इसी वजह से बाजार में दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि नियम साफ नहीं हैं और आंध्र प्रदेश में ट्रकों की जांच के दौरान पैसों की कथित उगाही भी हो रही है, जिससे पशुओं को लाने में और भी मुश्किलें आ रही हैं।