जम्मू-कश्मीर: भारी बारिश के बाद सलाल बांध के गेट खोले गए, चिनाब नदी में आया उफान
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में मंगलवार को भारी बारिश हुई, जिसकी वजह से प्रशासन को सलाल बांध के सारे गेट खोलने पड़े। दरअसल, बांध के जलाशय और चिनाब नदी में पानी का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ गया था। पानी के अत्यधिक जमाव से बचने और सुरक्षित स्थिति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पानी छोडा जाना जरूरी हो गया। नतीजतन नदी का बहाव अब सामान्य दिनों की तुलना में काफी तेज हो गया है।
रियासी और राजौरी के लोगों के लिए चेतावनी
नदी के किनारों या निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को नदियों से दूर रहने और सुरक्षा संबंधी सभी दिशानिर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई है। जिले की टीमें स्थिति पर लगातार कडी नजर बनाए हुए हैं। दूसरी ओर राजौरी जिले में भी ऐसी ही भारी बारिश के चलते अचानक बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। वहां के स्थानीय निवासियों को जोखिम भरे इलाकों से दूर रहने और बहुत जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।