पाकिस्तानी मिसाइल के बाद भारत का सुरक्षा कवच, अब चंद सेकंड में अंतरिक्ष से मिलेगी हमले की चेतावनी
भारत अपनी मिसाइल रक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए नए उपग्रह आधारित सिस्टम्स तैनात कर रहा है। ये सिस्टम मिसाइल लॉन्च होते ही चंद सेकंड में ही खतरों को पहचान लेंगे। यह कदम एक ऐसी घटना के बाद उठाया गया है, जब एक पाकिस्तानी मिसाइल हरियाणा के ऊपर से गुजरी थी और दिल्ली से बस कुछ ही फासले पर थी। हालांकि, जमीनी रडार की मदद से उसे रोक लिया गया था, लेकिन उस पर प्रतिक्रिया देने के लिए बहुत कम वक्त मिल पाया था।
इन्फ्रारेड के जरिए मिसाइलों की पहचान करते हैं सैटेलाइट
इन नए सैटेलाइट्स के जरिए भारत अब मिसाइल लॉन्च को पहले से कहीं ज्यादा जल्दी पहचान पाएगा। इनमें लगे इन्फ्रारेड सेंसर मिसाइल के इंजन शुरू होते ही उससे निकलने वाली गर्मी को तुरंत भांप लेते हैं। इसके उलट, जमीनी रडार की पहुंच सीमित होती है। यह शुरुआती चेतावनी हमें आने वाली मिसाइलों को ट्रैक करने और उन्हें रोकने के लिए कहीं ज्यादा समय देगी। इससे देश की सुरक्षा मजबूत होगी और क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।