दिल्ली: बाजार में महिला और उसके 4 साल के बच्चे पर व्यक्ति ने फेंका तेजाब, फरार
क्या है खबर?
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के भारत नगर में गुरुवार को फुटपाथ पर सामान बेचने वाली एक 33 वर्षीय महिला रेहड़ी विक्रेता और उसके 4 साल के बच्चे पर एक अज्ञात व्यक्ति ने तेजाब फेंक दिया।
महिला और बच्चा मामूली घायल हुए हैं। महिला ने अस्पताल से लौटने के बाद पुलिस को बताया कि रात करीब 8ः00 बजे साप्ताहिक बाजार से दुकान समेटने के दौरान एक व्यक्ति ने पीछे से आकर हमला किया।
एसिड अटैक करने वाले की तलाश की जा रही है।
वारदात
दिल्ली में नहीं थम रहीं तेजाब फेंकने की घटनाएं
दिल्ली में तेजाब फेंकने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले सितंबर, 2022 में द्वारका इलाके में मोटरसाइकिल से आए 2 नकाबपोशों ने 17 वर्षीय छात्रा पर तेजाब फेंका था।
लड़की को गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने तेजाब ऑनलाइन कॉमर्स कंपनी से मंगवाया था।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने तेजाब बिक्री को लेकर दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार को पत्र लिखा था।