पलवल अस्पताल की चौंकाने वाली सच्चाई आई सामने, मोबाइल टॉर्च से हुआ गर्भवती का ऑपरेशन
पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में 9 जुलाई को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में किया गया। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई थी और अस्पताल का बैकअप सिस्टम भी काम नहीं कर रहा था। ऐसे में डॉक्टरों को मजबूरन मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में ही ऑपरेशन पूरा करना पड़ा। यह घटना मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सवाल उठता है कि जब अस्पताल जैसा बुनियादी ढांचा ही इतना कमजोर हो, तो भला मरीज कितने सुरक्षित महसूस कर सकते हैं?
पलवल अस्पताल में अक्सर गुल होती है बिजली
अस्पताल का हाल ही में अपग्रेडेशन हुआ था और इसे एक खास बिजली लाइन से भी जोड़ा गया था। इसके बावजूद यह व्यस्त अस्पताल अब भी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। यहां बार-बार बिजली गुल होती है और आपातकालीन बैकअप सिस्टम भी अक्सर धोखा दे जाता है। रोजाना हजारों मरीजों को सेवाएं देने वाले इस अस्पताल को अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए ही संघर्ष करना पड़ रहा है।