LOADING...
ACB ने अरमबाई तेंगगोल सदस्य कानन सिंह को किया गिरफ्तार, मणिपुर हिंसा में रहा है हाथ
गुवाहाटी की ACB शाखा ने अरमबाई तेंगगोल सदस्य कानन सिंह को गिरफ्तार किया

ACB ने अरमबाई तेंगगोल सदस्य कानन सिंह को किया गिरफ्तार, मणिपुर हिंसा में रहा है हाथ

Jun 08, 2025
04:45 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) गुवाहाटी की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने शनिवार को मणिपुर के मैतेई समुदाय के प्रमुख संगठन अरमबाई तेंगगोल (AT) के प्रमुख नेता कानन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। कानन वही नेता है, जिसकी रिहाई की मांग को लेकर मणिपुर फिर से हिंसा की आग में जल उठा है। ACB ने कानन को साल 2023 में मणिपुर में हुई हिंसा से जुड़ी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने को लेकर गिरफ्तार किया है।

पुष्टि

CBI ने की कानन की गिरफ्तारी की पुष्टि

CBI की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गुवाहाटी की ACB शाखा ने इम्फाल हवाई अड्‌डे पर दबिश देकर कानन को गिरफ्तार किया था। वह 2023 में मणिपुर हिंसा से संबंधित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। उसे इम्फाल से गुवाहाटी लाया गया है और जल्द ही पुलिस रिमांड के लिए सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा। उससे हिंसा के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी।

हिंसा

मणिपुर में कानन की गिरफ्तारी को लेकर भड़की हिंसा

बता दें कि कानन की गिरफ्तारी के बाद से मणिपुर में फिर से हिंसा भड़क उठी है। मैतेई समुदाय के लोगों ने इलाके में हिंसक प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर टायर जला दिए और आत्मदाह का प्रयास भी किया। स्थिति बिगड़ने पर बिष्णुपुर में कर्फ्यू लगाया गया है और कई जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। इधर, कानन की गिरफ्तारी को लेकर अरमबाई तेंगगोल ने 10 दिन के पूर्ण बंद की घोषणा की है।