तेलंगाना: BRS नेताओं पर महिला कांस्टेबल ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप
भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR), तेलंगाना के पूर्व मंत्री टी हरीश राव, सुधीर रेड्डी और नवीन रेड्डी पर एक महिला पुलिस कांस्टेबल ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। यह आरोप इस हफ्ते विधानसभा के बाहर हुए एक जोरदार प्रदर्शन के दौरान लगा है।
कांस्टेबल ने बताया कि इन नेताओं ने उसके और दूसरी महिला पुलिसकर्मियों के सामने अपनी टी-शर्ट उतार दीं और अर्ध-नग्न अवस्था में खड़े हो गए। उसने उनकी इस हरकत को उत्पीड़न और अपमानजनक बताया है।
पुलिस ने BRS विधायकों को विधानसभा में घुसने से रोका
यह घटना तब हुई जब BRS विधायक काले रंग की टी-शर्ट और तख्तियां लेकर विधानसभा में घुसने की कोशिश कर रहे थे। वे कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा न करने का विरोध कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
इस दौरान, BRS नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी महिला विधायकों के साथ बदसलूकी की। फिलहाल, एक महिला पुलिस कांस्टेबल की शिकायत के आधार पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया गया है।