दिल्ली को आंधी ने दी राहत, IMD ने जारी किया लू का ऑरेंज अलर्ट
शनिवार को दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी चली, जिससे तपती गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली। हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई और नोएडा, गुरुग्राम जैसे इलाकों में आसमान में बादल छा गए, लेकिन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि यह राहत बस कुछ ही देर की है और लू फिर से वापसी करने वाली है।
दिल्ली-NCR के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि 27 मई तक यहां का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रातें भी कुछ कम गर्म नहीं हैं। हाल ही में सफदरजंग वेधशाला में एक दशक से भी ज्यादा समय की सबसे गर्म मई की रात दर्ज की गई, जब पारा करीब 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। कई उत्तरी राज्यों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों को ज्यादा गंभीर हालात के लिए रेड अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग का कहना है कि जून के आखिर में मॉनसून आने तक असली राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।