महाराष्ट्र: पालघर के आश्रम स्कूल में हुई मासूम की मौत, 2 साल में 584 बच्चों ने गंवाई जान
महाराष्ट्र के पालघर में एक आश्रम स्कूल में पढ़ने वाले 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। उसे तेज बुखार आया और सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। पहले उसका वहीं पास में इलाज कराया गया, लेकिन जब उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी, तो उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना ने ऐसे स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर फिर से कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने पालघर के 395 छात्रों की जांच की
बच्चे की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्कूल के सभी 395 बच्चों की जांच की। जांच के दौरान 26 और बच्चों में खांसी और बुखार के लक्षण मिले हैं। इन बच्चों को मस्वां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरी निगरानी में रखा गया है। उनकी हालत अभी स्थिर बताई जा रही है। स्कूल परिसर में साफ़-सफाई और पानी को शुद्ध करने के लिए भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। बता दें कि पिछले 2 सालों में महाराष्ट्र के आश्रम स्कूलों में कुल 584 बच्चों की जान जा चुकी है। इसी को देखते हुए राज्य के सभी आश्रम स्कूलों की सुरक्षा ऑडिट कराने का आदेश दिया गया है।