WhatsApp पर 'बॉस' बनकर 10.7 करोड़ उड़ाए, भरोसे पर साइबर सेंध: नवी मुंबई में ठगी
नवी मुंबई की एक ज्वैलरी कंपनी के कर्मचारी से जालसाजों ने व्हाट्सएप पर कंपनी के मालिक बनकर 10.7 करोड़ रुपये ठग लिए हैं। कर्मचारी को लगा कि व्हाट्सएप पर आए मैसेज उसके बॉस के ही हैं। इसी धोखे में उसने 14 जुलाई को चार बार और 15 जुलाई को एक बार, कुल पांच अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए।
व्हाट्सएप पर फोटो लगाकर ठगी: साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
जालसाजों ने ठगी के लिए मालिक के नाम के साथ-साथ उनकी व्हाट्सएप प्रोफाइल फोटो का भी इस्तेमाल किया, ताकि कर्मचारी को कोई शक न हो। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब कंपनी के असली मालिक ने एक ग्रुप कॉल में पैसों के लेन-देन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे किसी भी भुगतान को कभी मंजूरी दी ही नहीं थी। अब साइबर पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उस नकली नंबर और उन सभी बैंक खातों की तलाश कर रही है जिनमें पैसे भेजे गए थे, ताकि जल्द से जल्द इन ठगों को पकड़ा जा सके।