झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए। रात करीब 3 बजे चितरपुर काली चौक के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने पिकअप वैन को सीधी टक्कर मार दी। गोला से रामगढ़ जा रही इस वैन में 7 लोग सवार थे, जो हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त किया
हादसे में मरने वालों की पहचान संदीप कुमार महतो (संग्रामपुर), सुनील नायक (पतरातु) और गंभीर महतो (गोला) के तौर पर हुई है। संदीप और सुनील की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, कृष्ण नायक, मनोज नायक, विवेक नायक और जय कुमार नायक घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और इस हादसे की जांच कर रही है।