दिल्ली में मतदाता सूची से हटे 4.8 लाख नाम, AI ने पकड़ी गड़बड़ी
दिल्ली में मतदाता सूची में सुधार का बड़ा काम हाल ही में खत्म हुआ है। इस दौरान 9.74 लाख आवेदनों को डिजिटाइज किया गया है, जो शहर के लगभग दो-तिहाई मतदाताओं से जुड़े हैं। 24 अगस्त को नई ड्राफ्ट लिस्ट जारी होगी, लेकिन इसमें करीब 4.8 लाख लोगों के नाम नहीं मिलेंगे। इसकी वजह घर बदलना, एक ही नाम की 2 एंट्री होना या कुछ और दिक्कतें हो सकती हैं।
दावा करने को लिए मिलेगा एक महीने का समय
अगर आपका नाम इस ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं है, तो आप 24 अगस्त से 23 सितंबर के बीच दावा या आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में फॉर्म भरने की दर सबसे कम रही, जहां सिर्फ 56 प्रतिशत फॉर्म जमा हुए। दूसरी तरफ, उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सबसे ज्यादा गलतियां सामने आईं। यहां 3 लाख से अधिक फॉर्म में गड़बड़ियां मिलीं, जैसे नाम का मेल न खाना या परिवार के सदस्यों की उम्र में बड़ा अंतर होना। इन गड़बड़ियों को एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम ने पकड़ा है, जिसने कई बार आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र के बीच के छोटे-मोटे अंतर को भी गलती से दिखा दिया था।