
NIA की केरल और पश्चिम बंगाल में छापेमारी, अल-कायदा से जुड़े नौ संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
क्या है खबर?
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने केरल के एर्नाकुलम और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर आंतकी संगठन अल-कायदा से जुड़े नौ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी गिरफ्तारियां शुक्रवार रात को हुई।
बताया जा रहा है कि ये लोग दिल्ली, कोच्चि और मुंबई में किसी आतंकी साजिश को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, NIA ने इनके पास से हथियार और बम बनाने वाला सामान भी बरामद किया है।
जानकारी
अभी भी कई जगहों पर छापेमारी जारी
इन नौ लोगों में से छह को पश्चिम बंगाल और तीन को केरल से गिरफ्तार किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि ये मानव बम बनकर हमला करने की फिराक में थे। कोच्चि में नौसेना के अड्डे इनके निशाने पर थे।
केरल से पकड़े गए तीन आरोपी बंगाली हैं, लेकिन कुछ समय से प्रवासी मजदूरों के बीच रह रहे थे।
अभी भी कई जगहों पर छापेमारी जारी है और कुछ और लोग भी पकड़े जा सकते हैं।
गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 20-30 साल
गिरफ्तार हुए सभी आरोपियों की उम्र 20-30 साल है और ये मजदूरी करते थे।
केरल से पकड़े गए तीनों आरोपियों की पहचान मुर्शिद हसन, याकुब बिस्वास और मोशर्फ हुसैन के रूप में हुई है।
केरल पुलिस ने बताया कि मूलरूप से बंगाल के निवासी ये तीनों पिछले कुछ समय से एर्नाकुलम में पेरुंबावुर के पास रह रहे थे।
इस इलाके में बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से गए प्रवासी मजदूर रहते हैं।
गिरफ्तारी
एजेंसी के राडार पर थे संदिग्ध
वहीं पश्चिम बंगाल से पकड़े गए आरोपियों के नाम नजमुस साकिब, अबु सुफियां, मैनुल मंडल, लीयू यीन अहमद, अल मामून कमल और अतितुर रहमान है। ये सभी मुर्शिदाबाद के रहने वाले हैं।
NIA ने शनिवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़े हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए एक साथ 11 स्थानों पर छापेमारी की गई थी।
पिछले कुछ समय से इन पर नजर रखी जा रही थी।
बयान
NIA ने बयान जारी कर कही यह बात
NIA की प्रवक्ता DIG सोनिया नारंग ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इन लोगों को अल-कायदा आतंकवादियों द्वारा सोशल मीडिया के जरिये कट्टरपंथी बनाया गया था। साथ ही इन्हें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित कई स्थानों पर हमले करने के लिए प्रेरित किया गया था। इस काम के लिए मॉड्यूल सक्रिय रूप से धन जुटाने में लगा था और हथियार और गोलाबारूद खरीदने के लिए गैंग के कुछ सदस्य दिल्ली जाने की योजना बना रहे थे।
कार्रवाई
आज अदालत में पेश किए जाएंगे आरोपी
NIA ने इनके पास से डिजिटल डिवाइस, दस्तावेज, जिहादी साहित्य, नुकीले हथियार, देसी कट्टे और विस्फोटक बनाने का तरीका बताने वाले कई आर्टिकल आदि बरामद किए हैं। NIA ने कहा कि इन गिरफ्तारियों से कई संभावित हमले टालने में मदद मिली है।
गिरफ्तार आरोपियों को केरल और पश्चिम बंगाल की संबधित अदालतों में पेश किया जाएगा।
आने वाले दिनों में इनसे पूछताछ की जाएगी, जिसमें एजेंसी को उम्मीद है कि कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां निकलकर सामने आ सकती हैं।