Page Loader
कोरोना वायरस की चपेट में पुलिस, महाराष्ट्र में अब तक 557 हुए संक्रमित

कोरोना वायरस की चपेट में पुलिस, महाराष्ट्र में अब तक 557 हुए संक्रमित

May 08, 2020
06:14 pm

क्या है खबर?

देश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच चिकित्सक, चिकित्साकर्मी और पुलिसकर्मी फ्रंटलाइन पर खड़े होकर लोगों को बचाने में जुटे हुए हैं। खासतौर पर पुलिसकर्मी फील्ड में कोरोना के आगे दीवार बनकर खड़े हैं, लेकिन इस वायरस के लगातार हमलों से अब इस दीवार में भी सूराख होने लगे हैं। ऐसे में इस वायरस ने अब देशभर की 'खाकी' को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। आइए जानते हैं पूरी खबर।

आंकड़े

महाराष्ट्र में कोरोना की चपेट में 557 पुलिसकर्मी

कोराना वायरस ने पुलिसकर्मियों पर सबसे अधिक हमला सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में किया है। यहां 25 मार्च से लेकर अब तक कुल 557 पुलिसकर्मियों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है और तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने गुरुवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों में बढ़ते संक्रमण के चलते 55 साल अधिक उम्र के पुलिसकर्मियों को पर घर पर ही रहने के निर्देश दिए हैं।

मदद

मदद के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर आए 85,000 से अधिक कॉल

गृहमंत्री देशमुख ने बताया कि राज्य में लोगों की मदद के लिए संचालित पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 100 पर अब तक 86,246 कॉल आ चुकी है। इसी तरह राज्य में आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति के लिए 3.15 लाख पास जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया राज्य में अब तक 2.26 लाख लोगों को क्वारंटाइन किया गया है और 653 ने इसका उल्लंघन किया है। इसी तरह 4.28 लाख प्रवासी मजदूरों के लिए 4,729 राहत शिविर चलाए गए हैं।

जानकारी

लॉकडाउन में पुलिस ने की 98,000 से अधिक कार्रवाई

गृहमंत्री देशमुख ने बताया कि राज्य की पुलिस ने लॉकडाउन के दौराना धारा 188 के तहत 98,474 कार्रवाई करते हुए 19,082 लोगों को गिरफ्तार किया तथा 54,148 वाहन जब्त किए हैं। पुलिस ने 3.66 करोड़ रुपये का जुर्माना भी वसूला है।

दिल्ली

राजधानी दिल्ली में 70 पुलिसकर्मी हुए कोरोना से संक्रमित

देश में केवल महाराष्ट्र में ही पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में नहीं आए हैं बल्कि अन्य राज्यों में भी कोरोना ने पुलिसकर्मियों को अपना शिकार बनाया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब तक एक पुलिस अधिकारी सहित कुल 70 पुलिसकर्मियों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से एक पुलिसकर्मी की मौत भी हो चुकी है। ऐसे में ऐहतियात के तौर पर अब 55 साल से अधिक उम्र के पुलिसकर्मियों को फील्ड में ड्यूटी नहीं लगाई जा रही है।

अन्य राज्य

देश के अन्य राज्यों में संक्रमित हुए पुलिसकर्मी

महाराष्ट्र और दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों में भी पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में आए हैं। लॉकडाउन के बाद राजस्थान में 26, उत्तर प्रदेश में 62, गुजरात में 62 और मध्य प्रदेश के इंदौर में 31 पुलिसकर्मी अब इसकी चपेट में आ चुके हैं। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 24 पुलिसकर्मी कानपुर में, 17 पुलिसकर्मी फिरोजाबाद में और 11 पुलिसकर्मी वाराणसी में कोरोना की चपेट में आए हैं। इंदौर में आठ पुलिसकर्मी उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं।

संक्रमण

देश में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 3,390 नए मामले सामने आए हैं और 103 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 56,342 हो गई है। इनमें से वर्तमान में 37,916 मरीजों का उपचार चल रहा है और 16,540 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। देश में अब तक कुल 1,886 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 18,120 पहुंच गई है।