उत्तर प्रदेश: उन्नाव में एक्सप्रेसवे पर 15 मिनट में 2 बसें टकराईं, 43 जख्मी
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में रविवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक के बाद एक 2 बस हादसे हुए। इन हादसों में कुल 43 लोग जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों घटनाएं महज 15 मिनट के अंदर हुईं और इसकी वजह ड्राइवरों को नींद आना थी। सूचना मिलते ही इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत सहायता मुहैया कराई।
घायलों को बांगरमऊ हेल्थ सेंटर ले जाया गया
सभी घायलों को बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनमें से 32 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बड़े अस्पतालों में आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पहला हादसा देवखारी गांव के पास हुआ, जहां दिल्ली से गोंडा जा रही एक बस ने एक ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दूसरा हादसा इससे कुछ ही दूरी पर हुआ। इसमें दिल्ली से लखनऊ जा रही एक बस बैरियर से टकराकर खाई में जा गिरी।
इस दूसरे हादसे में बस के चालक और परिचालक समेत कुल 35 लोग जख्मी हुए। घायल होने वाले यात्रियों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली और नेपाल के लोग शामिल थे। इन हादसों की वजह से एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन बाद में इसे जल्द ही सामान्य कर दिया गया।