कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 30,000 नए मामले, 400 से कम मौतें
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 30,093 नए मामले सामने आए और 374 मरीजों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,11,74,322 हो गई है। इनमें से 4,14,482 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 4,21,665 हो गई है।
कई हफ्ते तक तेज गिरावट के बाद पिछले कई हफ्ते से देश में मामले 40,000 के आसपास बने हुए हैं।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 45,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 45,254 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,03,53,710 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.37 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 17,92,336 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 44.73 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 62,20,207 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,27,097 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 31,70,868 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 15,408 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 28,85,238 मामलों और 36,197 मौतों के साथ कर्नाटक और 25,37,373 मामलों और 33,752 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 6,017 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 66 मरीजों की मौत हुई। राज्य में कुछ महीनों से संक्रमण की रफ्तार काबू में नजर आ रही है।
इसी तरह केरल में 9,931 लोगों को संक्रमित पाया गया और 58 मरीजों की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में 1,291 मामले सामने आए और 40 मौतें हुईं।
तमिलनाडु में 1,971 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 28 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 41,18,46,401 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन मात्र 52,67,309 खुराकें लगाई गईं। सरकार ने जुलाई मध्य से रोजाना एक करोड़ खुराकें लगाने का लक्ष्य रखा था।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 19.09 करोड़ हुए संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 19.09 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 40.96 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.41 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 6.09 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
वहीं तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.94 करोड़ संक्रमितों में से 5.43 लाख मरीजों की मौत हुई है।