पंजाब: पुलिस ने सुलझाया सुरेश रैना के रिश्तेदारों की हत्या का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार
क्या है खबर?
पंजाब के पठानकोट में पिछले महीने लूट के इरादे से भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना के रिश्तेदारों पर हमला कर हत्या करने के मामले का पंजाब पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
पुलिस मामले में गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उनका रिमांड मांगा जाएगा।
इसके बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी। पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता है।
प्रकरण
आरोपियों ने 19 अगस्त को दिया था वारदात को अंजाम
बता दें आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गत 19 अगस्त को लूट के इरादे से पठानकोट के शाहपुरकांडी थाना क्षेत्र के गांव थरयाल में रहने वाले सुरैश रैना के रिश्तेदारों पर जानलेवा हमला किया था।
इसमें रैना के फूफा अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अशोक कुमार के बेटे कौशल कुमार ने 31 अगस्त को अस्पताल में दम तोड़ दिया था। रैना की बुआ आशा रानी की हालत अब भी गंभीर है।
बयान
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दी खुलासे की जानकारी
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सुबह मामले के आरोपियों के गिरफ्तार होने की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि क्रिकेटर सुरेश रैना के रिश्तेदारों पर हमला कर हत्या करने वाले मामले को पुलिस ने हल कर दिया गया है। पुलिस ने मामले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने कहा कि तीनों आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हैं और उनके 11 साथियों की तलाश जारी है।
सफलता
पुलिस को ऐसे मिली सफलता
इस मामले में सुरेश रैना ने मुख्यमंत्री से विशेष जांच की मांग की थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।
वरिष्ठ अधिकारियों की SIT ने मामले में करीब 100 लोगों से पूछताछ की। मंगलवार को सामने आया कि वारदात के बाद अगले दिन तीन संदिग्ध इलाके देखे गए थे और वह पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास झुग्गियों में रह रहे हैं। इस पर पुलिस ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद किया सामान
पुलिस महानिदेशक ने बताया तीनों आरोपी राजस्थान के झुंझुनूं जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक अशोक कुमार की एक सोने की अंगूठी, एक महिला की अंगूठी, एक महिला की सोने की चेन और 1,530 रुपये बरामद किए गए हैं।
प्रयास
आरोपियों ने दो अन्य घरों में भी किया था वारदात का प्रयास
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि आरोपियों ने वारदात की रात सुरेश रैना के रिश्तेदार के घर पहुंचने से पहले दो अन्य घरों में भी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था, लेकिन वहां सफलता नहीं मिली।
इसके बाद आरोपी अशोक कुमार के घर पहुंच गए। उन्होंने दीवार पर चढ़ने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया था।
आरोपी जब घर में घुसे तो अशोक और उनका परिवार जमीन पर चटाई पर सो रहा था। इसके बाद उन्होंने हमला कर दिया।
वारदात
कई राज्यों में वारदातों को अंजाम दे चुका है गिरोह
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में लूट और डकैती करने वाले अन्य गिरोह के साथ मिलकर वारदात करने की बात स्वीकार की है।
आरोपियों ने प्रारम्भिक पूछताछ में बताया कि उनका गिरोह उत्तर प्रदेश से लेकर जम्मू-कश्मीर और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। ऐसे में पुलिस अब राज्य के अन्य जिलों और देश के अन्य राज्यों में हुई ऐसी ही वारदातों के संबंध में पूछताछ करेगी।
वापसी
घटना के बाद IPL छोड़कर वापस भारत लौट आए थे रैना
वारदात के समय रैना IPL की तैयारियों के लिए चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ संयुक्त अरब अमीरात में थे, लेकिन घटना के बाद वह वापस भारत लौट आए थे।
उन्होंने 1 सितंबर को ट्वीट किया था, 'मेरे परिवार के साथ पंजाब में जो हुआ वह बहुत भयानक था। मेरे अंकल की हत्या कर दी गई थी। मेरी बुआ और मेरे दोनों चचेरे भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्भाग्य से, मेरे चचेरे भाई की भी कल रात मौत हो गई।'