LOADING...
अमेरिका: कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में पढ़ रहा भारतीय छात्र लापता, परिसर से एक किलोमीटर दूर बैग मिला 
अमेरिका में भारतीय छात्र 4 दिन से लापता है

अमेरिका: कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में पढ़ रहा भारतीय छात्र लापता, परिसर से एक किलोमीटर दूर बैग मिला 

लेखन आबिद खान
Feb 14, 2026
10:11 am

क्या है खबर?

अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक भारतीय छात्र के लापता होने की खबर सामने आई है। कर्नाटक के रहने वाले 22 साल के साकेत श्रीनिवासैया बीते 4 दिनों से लापता बताए जा रहे हैं। वे बर्कले स्थित कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में केमिकल और बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि साकेत को आखिरी बार 10 फरवरी को विश्वविद्यालय परिसर से करीब एक किलोमीटर दूर देखा गया था।

बैग

परिसर के पास से मिला साकेत का बैग

अधिकारियों ने तलाशी के दौरान टिल्डेन रीजनल पार्क के एक घर के पास साकेत का बैग बरामद किया है। इसमें साकेत का पासपोर्ट और लैपटॉप था। इसके बाद पूरे शहर में तलाशी तेज हो गई है। साकेत के रूममेट और साथी छात्रों ने भी ऑनलाइन अभियान चलाया है। पुलिस के मुताबिक, साकेत को आखिरी बार ड्वाइट वे के 1,700 ब्लॉक में देखा गया था। पुलिस ने बताया कि साकेत की लंबाई 6 फीट 1 इंच और वजन 75 किलोग्राम है।

बयान

भारत के महावाणिज्य दूतावास का भी आया बयान

सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'भारत का महावाणिज्य दूतावास कर्नाटक के रहने वाले UC बर्कले के भारतीय पोस्ट-ग्रेजुएट छात्र साकेत श्रीनिवासैया के गायब होने से बहुत परेशान है। महावाणिज्य दूतावास छात्र के परिवार के साथ-साथ साकेत का पता लगाने के लिए संबंधित स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।' साकेत के रूममेट बनीत सिंह ने भी लिंक्डइन पर पोस्ट कर उसे ढूंढने में मदद मांगी है।

Advertisement