Page Loader
हरिद्वार: क्राइम शो देखकर दो नाबालिग लड़कियों ने रची थी अपने भाई को मारने की साजिश

हरिद्वार: क्राइम शो देखकर दो नाबालिग लड़कियों ने रची थी अपने भाई को मारने की साजिश

Dec 04, 2019
12:39 pm

क्या है खबर?

पिछले सप्ताह हरिद्वार में दो साल के बच्चे की हत्या का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग लड़कियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों लड़कियों ने टीवी पर एक क्राइम शो को देखकर इस हत्याकांड की साजिश रची और पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानिया गढ़ी। आरोपी लड़कियों को सोमवार को हरिद्वारा के ज्वाला नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया था। आइये, यह पूरी खबर जानते हैं।

आरोपी लड़कियां

14 वर्षीय लड़की ने चचेरी बहन के साथ मिलकर दिया घटना को अंजाम

आरोपी लड़कियों ने 29 नवंबर को गंगा में डुबाकर अपने दो साल के भाई को कथित तौर पर मार दिया था। गिरफ्तार लड़कियों में से बड़ी की उम्र 14 साल है। इस लड़की ने अपनी 13 वर्षीय चचेरी बहन के साथ मिलकर अपने दो वर्षीय भाई को गंगा में डुबाया था। दोनों इस बात से खफा थीं कि उन्हें पूरे दिन उस छोटे बच्चे का ध्यान रखना पड़ता है। इससे पीछा छुड़ाने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।

साजिश

क्राइम शो देखकर रची थी साजिश

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, दोनों लड़कियों ने पुलिस पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। बच्चे की बड़ी बहन ने कहा कि उसने क्राइम शो देखने के बाद यह साजिश रची। गर्मी की छुट्टियों के दौरान उसने अपनी नानी के घर पर यह शो देखा था। छुट्टियां बीतने के बाद लड़की ने स्कूल जाना बंद कर दिया और घर पर रहने लगी। उसके माता-पिता काम पर जाते समय उसे छोटे बच्चे का ख्याल रखने को कह जाते थे।

घटना

लड़की को आया गंगा में डुबोने का विचार

पुलिस ने बताया कि इस बात से लड़की खफा थी कि उसे पूरे दिन बच्चे का ध्यान रखना पड़ेगा। उससे पीछा छुड़ाने के लिए उसने बच्चे को मारने की योजना बनाई। इसी दौरान उसे याद आया कि नवंबर में एक औरत ने अपने नवजात बच्चे को गंगा में डुबाकर मारा था। लड़की ने सोचा कि उसके भाई को मारने का यह सबसे आसान तरीका है। इसके बाद उसने अपनी चचेरी बहन को अपने साथ मिला लिया।

घटनाक्रम

नींद को गोलियां देकर बच्चे को सुलाया

दोनों लड़कियों ने घटना से दो दिन पहले भी बच्चे को डुबाने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो पाईं। 29 नवंबर को दोनों ने फिर से यह योजना बनाई। इसके लिए चचेरी बहन ने कुछ नींद की गोलियों का इंतजाम किया और इन्हें दूध में मिलाकर बच्चे को पिला दिया। जब बच्चा सो गया तो उन्होंने उसे बैग में डाला और घर से लगभग एक किलोमीटर दूर ले जाकर गंगा में डुबो दिया।

सच

पुलिस पूछताछ में सामने आया सच

घटना के बाद बच्चे के परिजनों ने बच्चे के लापता होने की शिकायत लिखवाई। उसकी बहन ने इस घटना का पूरा जिम्मा अपनी चाची के सिर पर डाल दिया। लड़की के परिवार के साथ उसकी चाची की अनबन रहती थी। लड़की ने कहा कि उसकी चाची ने दो महीने पहले उसके भाई को मारने और उसे फंसाने की धमकी दी थी, लेकिन पुलिस पूछताछ में सच्चाई सामने आई गई। पुलिस को अभी तक मृतक बच्चे की लाश नहीं मिली है।