
ISIS के स्लीपर मॉड्यूल के 2 सदस्य मुंबई से गिरफ्तार, दो साल से थे फरार
क्या है खबर?
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रतिबंधित ISIS स्लीपर मॉड्यूल से जुड़े 2 भगोड़ों को मुंबई से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के पुणे में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के निर्माण और परीक्षण से संबंधित 2023 के मामले में शामिल थे। NIA ने उन्हें इंडिनेशिया के जकार्ता से भारत लौटने पर मुंबई हवाई अड्डे पर ही दबोच लिया। अब जांच एजेंसी आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों का पता लगाने का प्रयास करेगी।
कार्रवाई
NIA ने कैसे की कार्रवाई?
इंडिया टुडे के अनुसार, NIA अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अब्दुल्ला फैयाज शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान है। दोनों 2023 में पुणे से सीधे जकार्ता भाग गए थे। शुक्रवार को दोनों के जकार्ता से वापस लौटने की सूचना पर NIA टीम ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निगरानी शुरू कर दी। इसके बाद उनके भारत आते ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर 3-3 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
वारंट
दोनों आरोपियों के खिलाफ जारी था गैर जमानती वारंट
दोनों आरोपियों के खिलाफ मुंबई की NIA स्पेशल कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया हुआ था। बता दें कि 2023 में दोनों आराेपियों ने ISIS पुणे स्लीपर मॉड्यूल के 8 अन्य सदस्यों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रची गई है। अन्य 8 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। समूह ने भारत में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के उद्देश्य से आतंकवादी घटना की साजिश रची, लेकिन NIA ने समय रहते उनकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
प्रयास
आरोपियों ने किया था IED धमाके का परीक्षण
NIA के अनुसार, दोनों आरोपियों ने कोंढवा में किराए के घर में IED एकत्र किया था। साल 2022 और 2023 के बीच उन्होंने बम बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाओं में हिस्सा लिया और परिसर में निर्मित IED का नियंत्रित विस्फोट कर परीक्षण भी किया था। इससे पहले NIA ने सभी 10 आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया था।