100 नए हवाई अड्डे, 120 ठिकाने: उड़ान योजना का किया जाएगा बड़ा विस्तार
यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर है! भारत की उड़ान योजना को अब और बढ़ावा मिलने वाला है। अगले 10 सालों में इस योजना के तहत 120 नए गंतव्य और 100 नए हवाई अड्डे जोड़े जाने की तैयारी है। इसका मुख्य मकसद बड़े शहरों के अलावा दूरदराज के इलाकों में भी हवाई यात्रा को कहीं ज्यादा सुलभ बनाना है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने बताया कि इस विस्तार से 120 अतिरिक्त गंतव्यों को जोड़ने और 100 हवाई अड्डों को विकसित करने में मदद मिलेगी।
उड़ान योजना से 1.68 करोड़ यात्रियों ने सफर किया
2016 में शुरू होने के बाद से, उड़ान योजना ने अब तक 95 हवाई अड्डों, हेलीपोर्ट और वॉटर एयरोड्रोम को आपस में जोड़ा है। इस योजना की बदौलत 1.68 करोड़ से भी ज्यादा यात्रियों ने हवाई सफर का फायदा उठाया है। इससे नागरिकों का यात्रा समय घटा है, साथ ही कई नए पर्यटन स्थल भी खुले हैं। स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा तक लोगों की पहुंच बेहतर हुई है। इसके अलावा, स्थानीय व्यवसायों के लिए नए बाजार भी तैयार हुए हैं। अब नई उड़ानों के लिए हवाई मार्ग तैयार करने, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ नए समझौता ज्ञापनों (MOUs) पर हस्ताक्षर करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही हेलीपैड जैसी सुविधाओं को बेहतर करने, पायलटों को प्रशिक्षण देने और कुशल तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।