LOADING...
जोया अख्तर ने भाई-भतीजावाद पर की खुलकर बात, बोलीं- आप कौन होते हैं मुझे बताने वाले? 
जोया अख्तर ने वंशवाद पर दिया बयान

जोया अख्तर ने भाई-भतीजावाद पर की खुलकर बात, बोलीं- आप कौन होते हैं मुझे बताने वाले? 

संपादन नेहा शर्मा
Dec 09, 2023
05:10 pm

क्या है खबर?

जोया अख्तर इन दिनों अपनी फिल्म 'द आर्चीज' के लिए चर्चा में हैं। इस फिल्म से कई स्टारकिड्स ने अभिनय जगत में कदम रखा है। इस सितारों को अपनी फिल्म में लेने के लिए जोया पर शुरू से सवाल उठाए जा रहे हैं। फिल्म जगत में भाई-भतीजावाद को लेकर जोया पर उंगली उठाई जा रही है। कई इंटरव्यू में वह इस पर जवाब दे चुकी हैं। अब इस बहस पर उन्होंने लोगों का आइना दिखाने वाली बात कही है।

बयान 

हर किसी को बराबरी का हक- जोया

एक इंटरव्यू में जोया ने कहा, "मैं समझती हूं कि यह बहस विशेष सुविधाओं, उन तक पहुंच और सामाजिक स्त्रोतों की है। मैं यह गुस्सा और झुंझलाहट अच्छे से समझती हूं कि कुछ लोगों के पास कुछ खास चीजों की आसान पहुंच होती है, जो बाकियों के पास नहीं है। यह बात होनी ही चाहिए। हर किसी को समान शिक्षा और रोजगार के मौके मिलने चाहिए।" जोया ने बराबरी और भाई-भतीजावाद के बीच बारीक फर्क को समझाया।

विचार

स्टारकिड्स को मिलने वाले मौकों पर सवाल को बताया बेतुका

उन्होंने आगे कहा, "यह बेतुका है कि आप पलट कर कहने लगें कि सुहाना खान को मेरी फिल्म में नहीं होना चाहिए। वह मेरी फिल्म में हैं या नहीं, इससे आपकी जिंदगी पर असर नहीं पड़ेगा। आपको उन चीजों पर बात करनी चाहिए, जिससे आपकी जिंदगी में बदलाव आएगा।" उन्होंने कहा, "इससे कुछ नहीं होने वाला है। असल समस्या कहीं और है। अगर फिल्म जगत का कोई बच्चा कभी सिनेमा में काम न करे तो भी आपकी जिंदगी नहीं बदलेगी।"

Advertisement

सवाल

"क्या मैं अपने पिता को त्याग दूं?"

जोया ने अपना उदाहरण देते हुए कहा, "मेरे पिता (जावेद अख्तर) यहां आए और अपनी जिंदगी बनाई। हम यहां पैदा हुए और पले-बढ़े। तो क्या मुझे अपना पेशा चुनने का हक नहीं है? मैं यहां के लोगों को जानती हूं तो क्या मैं अपने पिता का त्याग कर दूं, क्योंकि मुझे फिल्ममेकर बनना है? इन बातों का कोई मतलब है? यह किसी मरे हुए घोड़े को मारने के जैसा है।"

Advertisement

बयान

"आपको मेरे पैसे का क्या करना है?"

जोया यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आगे कहा, "भाई-भतीजावाद तब होता है, जब मैं जनता का पैसा या किसी और का पैसा लेती हूं और उसके बाद अपने दोस्तों और परिवार का पक्ष लेती हूं।" वह बोलीं, आप कौन होते हैं मुझे बताने वाले कि मुझे मेरे पैसों का क्या करना है? यह मेरा पैसा है। अगर कल मैं अपना पैसा अपनी भतीजी पर खर्च करना चाहूं तो यह मेरी समस्या है।"

द आर्चीज

नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई 'द आर्चीज'

'द आर्चीज' 7 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इस फिल्म से सुहाना, अगस्त्य नंदा और खुशी कपूर ने डेब्यू किया है। इनके साथ फिल्म में मिहिर आहूजा, वेदांग रैना, युवराज मेंडा और अदिति सेगल भी नजर आए हैं। इतने सारे नए चेहरों की वजह से यह फिल्म शुरू से ही चर्चा में थी। यह फिल्म अमेरिकी कॉमिक्स 'द आर्चीज' से प्रेरित है, जिसे जोया ने रीमा कागती के साथ मिलकर लिखा है।

Advertisement