अलविदा 2024: इस साल इन सितारों ने की पर्दे पर वापसी, खूब लूटी वाहवाही
क्या है खबर?
मनोरंजन जगत के लिए साल 2024 काफी अच्छा रहा। इस साल न सिर्फ कई भारतीय फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया, बल्कि कुछ नामी हस्तियां शादी के पवित्र बंधन में भी बंधीं।
इसके अलावा इस साल कई ऐसे सितारों ने भी पर्दे पर वापसी की, जो पिछले कई वर्षों से न तो किसी फिल्म और ना ही किसी वेब सीरीज में नजर आए थे।
आइए हम आपको उन्हीं सितारों के बारे में बताते हैं।
#1
मनीषा कोइराला (हीरामंडी)
शुरुआत मनीषा कोइराला से करते हैं। उन्होंने इस साल संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी वेब सीरीज 'हीरामंडी' के जरिए पर्दे पर धमाकेदार वापसी की थी।
मनीषा ने इसमें 'मल्लिकाजान' का किरदार निभाकर खूब वाहवाही बटोरी और लोगों के बीच छा गईं। इस सीरीज में सोनाक्षी सिन्हा, अदिति राव हैदरी, ऋचा चड्ढा और संजीदा शेख ने भी अभिनय किया था।
'हीरामंडी' OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। इसके दूसरे सीजन का ऐलान पहले ही हो चुका है।
#2
फरदीन खान (हीरामंडी)
अभिनेता फरदीन खान वेब सीरीज 'हीरामंडी' के जरिए लगभग 14 साल बाद पर्दे पर लौटे। इससे पहले वह फिल्म 'दूल्हा मिल गया' में नजर आए थे, जो साल 2010 में रिलीज हुई थी।
भंसाली की सीरीज 'हीरामंडी' में फरदीन ने वली मोहम्मद का किरदार निभाकर था और उनके अभिनय को खूब सराहा गया।
इसके बाद फरदीन अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म 'खेल खेल में' में भी नजर आए। हालांकि, यह बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी।
#3
करिश्मा कपूर (मर्डर मुबारक)
इस सूची में तीसरा नाम भारतीय सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री करिश्मा कपूर का है। उन्होंने इस साल होमी अदजानिया की फिल्म 'मर्डर मुबारक' के जरिए पर्दे पर वापसी की थी।
यह फिल्म 15 मार्च, 2024 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई और इसे दर्शकों का खूब प्यार मिला। फिल्म में करिश्मा की अदाकारी की खूब तारीफ हुई।
इस फिल्म में करिश्मा के अलावा पंकज त्रिपाठी, अनिल कपूर, विजय वर्मा, डिंपल कपाड़िया और सारा अली खान जैसे सितारे भी नजर आए थे।