'टॉक्सिक' के सस्ते टिकट सिर्फ 54 रुपये में, प्रीमियम टिकटों की कीमतें 2,000 के पार
क्या है खबर?
यश की फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज में सिर्फ एक दिन बाकी रह गया है। गीतू मोहनदास द्वारा निर्देशित इस एक्शन-थ्रिलर ने एडवांस बुकिंग में 9 लाख से ज्यादा टिकट बेचकर करीब 41 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म पहले दिन 100 से 120 करोड़ की ग्रॉस ओपनिंग कर सकती है। इस बीच, 'टॉक्सिक' के सबसे सस्ते और सबसे महंगे टिकटाें की कीमतों का खुलासा हो गया है।
सस्ती कीमत
चेन्नई में मात्र 54 रुपये में फिल्म देखने का विकल्प
टाइम्स नाउ के मुताबिक, चेन्नई के अशोक नगर स्थित कास्की टॉकीज डॉल्बी एटमॉस में 'टॉक्सिक' के इकोनॉमी शो के टिकट मात्र 54 रुपये में बिक रहे हैं। हालांकि, यहां तमिल संस्करण दिखाया जाएगा।
बुकमायशो के अनुसार, मुंबई के बदलापुर स्थित वैशाली सिनेमा में ड्रेस सर्कल सीटों के लिए सभी शो के टिकट 90 रुपये में बिक रहे हैं।
वहीं, दिल्ली के डिलाइट सिनेमा में शो के लिए लोअर स्टॉल्स के टिकट 95 रुपये में उपलब्ध कराए गए हैं।
प्रीमियम टिकट
प्रीमियम टिकटों के लिए ज्यादा खाली करनी होगी जेब
चेन्नई, दिल्ली और मुंबई में जहां दर्शक 100 रुपये से कम में यश की फिल्म देख सकते हैं, वहीं प्रमुख शहरों में प्रीमियम शो के टिकट 2,000 रुपये से ऊपर पहुंच चुके हैं।
मुंबई में चुनिंदा प्रीमियम शो के टिकटों की कीमत लगभग 2,700 रुपये और दिल्ली में 2,400 रुपये है, जबकि बेंगलुरु में कीमतें 3,600 रुपये के करीब पहुंचने की खबर है।
'टॉक्सिक' की उत्सुकता को देखते हुए कई सिनेमाघरों में अतिरिक्त शो जोड़े गए हैं।
स्क्रीनिंग
सुबह से लेकर देर रात तक 'टॉक्सिक' का चलेगा जादू
यश के गृह राज्य बेंगलुरु में कथित तौर पर सुबह-सुबह के शो निर्धारित किए गए हैं। यहां कन्नड़ शो सुबह 5:45 बजे से दिखाने की व्यवस्था की गई है।
मुंबई के दर्शक सुबह करीब 6:10 बजे से लेकर रात 11:59 तक लेट नाइट शो देख सकेंगे, जबकि दिल्ली में स्क्रीनिंग सुबह 6 बजे से शुरू होने की उम्मीद है।
फिल्म में कियारा आडवाणी और नयनतारा समेत कई कलाकार हैं। यह 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।