यश की 'टॉक्सिक' पर रिलीज से पहले विवाद, निर्माताओं के खिलाफ दर्ज हुई FIR
क्या है खबर?
'KGF 2' से तहलका मचाने के बाद, कन्नड़ सुपरस्टार यश अपनी अगली फिल्म 'टॉक्सिक' से तूफान लाने को तैयार हैं। गीतु मोहनदास द्वारा निर्देशित यह फिल्म मार्च, 2026 में सिनेमाघरों का रुख करेगी, जिसके लिए फैंस बेसब्र हैं। जिस वक्त फिल्म का टीजर जारी हुआ था, तो उसमें मौजूद आपत्तिजनक दृश्यों को लेकर खूब हंगामा मचा था। अब एक बार फिर 'टॉक्सिक' विवादों में घिर गई है। फिल्म के निर्माता KVN प्रोडक्शन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
मामला
पेड़ों की कथित कटाई के आरोप में शुरू हुआ विवाद
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, कर्नाटक वन विभाग ने बेंगलुरु की वनभूमि पर सेट बनाने के लिए पेड़ों की कथित कटाई के आरोप में FIR दर्ज कराई है। ANI के अनुसार, 2024 में केनरा बैंक के महाप्रबंधक और हिंदुस्तान मशीन टूल्स (HMT) के महाप्रबंधक के खिलाफ FIR हुई थी। उस वक्त, इंडिया टुडे ने वनभूमि की सैटेलाइट तस्वीरें दिखाते हुए रिपोर्ट साझा की थी जिसमें पहले और बाद की हरियाली में काफी अंतर है। अब रेडिट पर मामला फिर उछला है।
बयान
पर्यावरण मंत्री ने कार्रवाई करने का दिया था निर्देश
उस समय, कर्नाटक के पर्यावरण मंत्री ईश्वर खंड्रे ने अधिकारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। ANI से बातचीत में उन्होंने कहा था, "मैंने खुद उस जमीन का दौरा किया, जहां 'टॉक्सिक' की शूटिंग हो रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ हम आवश्यक कार्रवाई करेंगे। बिना कानूनी अनुमति के वन भूमि पर पेड़ काटना दंडनीय अपराध है।" बता दें, 'टॉक्सिक' 19 मार्च को रिलीज हो रही है। इसकी टक्कर रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' से होगी।