आदित्य रॉय कपूर की फैन ने अभिनेता को जबरन किया किस, लोगों ने लगाई लताड़
क्या है खबर?
कभी-कभार प्रशंसक अपने चहिते कलाकारों की झलक पाक इतने उतावले हो जाते हैं कि कोई भी हद पार कर जाते हैं। ऐसा ही वाकया हाल ही में अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के साथ हुआ। मौका था वेब सीरीज 'द नाइट मैनेजर' की स्क्रीनिंग का, जहां आदित्य की एक झलक पाने के लिए उनके कई प्रशंसक पहुंचे हुए थे। इस बीच एक महिला प्रशंसक ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, जिसकी हरकत के चलते उसे खूब ट्रोल किया जा रहा है।
जबरदस्ती
आदित्य के इनकार के बाद भी हार नहीं मानी महिला
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला फैन पहले तो आदित्य से एक सेल्फी लेने को कहती है और जब आदित्य उसके साथ तस्वीर खिंचवा लेते हैं तो वह जोर-जबरदस्ती कर उनके गालों पर किस करने की कोशिश करती है। आदित्य इससे इनकार कर देते हैं और उससे दूरी बनाते दिखते हैं, लेकिन महिला दोबारा उन्हें किस करने की कोशिश करने लगती है और आखिरकार आदित्य के हाथों पर किस करके चली जाती है।
ट्रोल
लोगों ने महिला पर लगाया शोषण का आरोप
यह वीडियो देख सोशल मीडिया पर लोग भड़क गए हैं। लोग महिला पर शोषण का आरोप लगा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'हे भगवान! इस तरह का शोषण सही नहीं है। लोगों को पता नहीं क्या हो गया है?' एक ने लिखा, 'अगर यही किसी पुरुष ने किया होता तो अब तक बवाल मच चुका होता।' एक यूजर ने लिखा, 'ये क्या बदतमीजी है?' एक ने लिखा, 'इसकी जगह पुरुष होता तो उत्पीड़न का केस दर्ज हो चुका होता।'
डेब्यू
'द नाइट मैनेजर' से OTT पर अपनी शुरुआत कर रहे आदित्य
आदित्य 'द नाइट मैनेजर' से OTT पर कदम रख रहे हैं। यह उनकी पहली वेब सीरीज है, जिसमें उनके साथ अनिल कपूर नजर आएंगे। इसमें शोभिता धूलिपाला, सास्वत चटर्जी और रवि बहल भी अहम भूमिका में हैं। संदीप मोदी ने इस सीरीज का निर्देशन किया है। यह सीरीज इसी नाम से बनी एक ब्रिटिश वेब सीरीज की हिंदी रीमेक है। 'द नाइट मैनेजर' हॉटस्टार पर 17 फरवरी से स्ट्रीम होगी। आजकल आदित्य और अनिल इसी के प्रमोशन में जुटे हैं।
रिश्ता
अनन्या के साथ अफेयर को लेकर सुर्खियों में हैं आदित्य
पिछले कुछ समय से आदित्य, अनन्या पांडे के साथ अपने खास रिश्ते के चलते सुर्खियों में हैं। वो बात अलग है कि अपने पिछले रिश्तों की तरह आदित्य ने यह रिश्ता भी स्वीकार नहीं किया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आदित्य और अनन्या दोनों एक-दूसरे के लिए काफी सीरियस हैं और जल्द ही अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर सकते हैं। आदित्य, अहाना देओल से लेकर श्रद्धा कपूर और सुपरमॉडल दीवा धवन तक को डेट कर चुके हैं।