'कॉफी विद करण' में शाहरुख खान? करण जौहर बोले- मेरी खामोशी का मतलब खुद समझ लें
क्या है खबर?
करण जौहर के टॉक-शो 'कॉफी विद करण' का 9वां सीजन जारी है, जो आखरी होने वाला है। पहले एपिसोड में ही करण ने खुलासा किया कि इस सीजन के बाद ये शो खत्म हो रहा है। इस बीच प्रशंसक कयास लगा रहे थे कि शायद वह किसी अन्य सामान्य प्रोजेक्ट के साथ वापसी करेंगे। हालांकि, अब करण ने इन अटकलों पर रोक लगा दी है। उन्होंने ये भी साफ किया कि शाहरुख खान इस सीजन में नजर आएंगे या नहीं।
करण
में वापस नहीं आ रहा हूं- करण
करण ने द हॉलीवुड रिपोर्टर से बात करते हुए कहा, "कॉफी एक IP है, ये किसी के भी साथ हो सकती है। हालांकि, मैंने जिंदगी के इस पड़ाव को इसलिए पीछे नहीं छोड़ा कि अब फिर से सब नए सिरे से शुरू करूं। मुझे इस शो से प्यार है और इस प्लेटफॉर्म का भी सम्मान करता हूं, जिसने मुझे लगातार कई सीजन तक काम करने का मौका दिया। हालांकि, मैं जल्द ही इस रूप में वापस नहीं आ रहा हूं।"
शो
रियलिटी शो के लिए भी तैयार हैं करण?
करण का कहना है कि वह अब कुछ बिल्कुल ही अलग काम करने के लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा, "मुझे ऐसे काम करने में बहुत खुशी होगी, जिनमें मेहमानों के कॉम्बिनेशन बनाने, फोन करने या भारी-भरकम सामान उठाने की जरूरत न पड़े! मुझे कोई केप पहनाकर राजस्थान में किसी रियलिटी शो के लिए भेज दें तो भी चलेगा! मैं इन सभी विकल्पों के लिए तैयार हूं। फिलहाल मैं इस तरह के काम के बारे में नहीं सोच रहा हूं।"
शाहरुख
शाहरुख शो के फिनाले में आएंगे नजर?
प्रशंसक इस शो में शाहरुख खान के मेहमान बनकर आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि चर्चा है कि वह सीजन के फिनाले में नजर आ सकते हैं।
जब करण से पूछा गया कि क्या शाहरुख सीजन के फिनाले का हिस्सा होंगे तो उन्होंने कहा, "न इनकार, न इकरार। कुछ भी जाहिर नहीं किया गया! मेरी खामोशी को अब आप खुद समझ लें।"
उन्होंने कहा कि प्रशंसक इसे जैसे चाहें वैसे समझ सकते हैं।