LOADING...
अमेरिका की शीलिन फोर्ड बनीं 'मिसेज वर्ल्ड 2022', भारत की नवदीप ने जीता 'बेस्ट नेशनल कॉस्ट्यूम'
शीलिन फोर्ड और नवदीप कौर

अमेरिका की शीलिन फोर्ड बनीं 'मिसेज वर्ल्ड 2022', भारत की नवदीप ने जीता 'बेस्ट नेशनल कॉस्ट्यूम'

Jan 17, 2022
11:35 am

क्या है खबर?

15 जनवरी को अमेरिका के लास वेगास में 'मिसेज वर्ल्ड 2022' प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें नवदीप कौर ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, वह 'मिसेज वर्ल्ड 2022' का खिताब नहीं जीत पाई हैं। उन्हें 'बेस्ट नेशनल कॉस्ट्यूम' के पुरस्कार से संतोष करना पड़ा। 'मिसेज अमेरिका' शीलिन फोर्ड ने यह खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले नवदीप 'मिसेज इंडिया वर्ल्ड 2021' की विजेता रह चुकी हैं। आइए जानते हैं कि आखिर कौन हैं नवदीप।

पुरस्कार

'मिसेज वर्ल्ड 2022' में 'बेस्ट नेशनल कॉस्ट्यूम' का पुरस्कार जीता

'मिसेज वर्ल्ड 2022' में नवदीप ने एक उपलब्धि भी हासिल कर ली है। उन्होंने 'बेस्ट नेशनल कॉस्ट्यूम' का पुरस्कार भी जीत लिया है। नवदीप ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में 'मिसेज इंडिया' के पोस्ट को शेयर किया है। इस पोस्ट में लिखा गया, 'हृदय कृतज्ञता से भर गया है। हमें यह घोषणा करते हुए खुशी और सम्मान हो रहा है कि हमारी 'मिसेज इंडिया वर्ल्ड 2021' ने 'मिसेज वर्ल्ड 2022' में 'बेस्ट नेशनल कॉस्ट्यूम' का पुरस्कार जीता है।'

ताल्लुक

ओडिशा के स्टील सिटी राउरकेला से ताल्लुक रखती हैं नवदीप

नवदीप ने उस समय सभी का ध्यान खींचा, जब उन्होंने 'मिसेज इंडिया वर्ल्ड 2021' का खिताब अपने नाम किया था। यह नवदीप के लिए बड़ी उपलब्धि थी, क्योंकि वह ओडिशा के स्टील सिटी राउरकेला के पास एक छोटे से शहर से ताल्लुक रखती हैं। उनका फैशन और ग्लैमर की दुनिया से कोई वास्ता नहीं था। सुंदरता के साथ-साथ नवदीप काफी हुनरमंद हैं। उन्होंने कई स्ट्रीम में अपनी पढ़ाई भी की है।

पेशा

सहायक प्रोफेसर के रूप में काम कर चुकी हैं नवदीप

नवदीप काफी तेज-तर्रार विद्यार्थी रही हैं। उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री हासिल किया है। इसके साथ ही उन्होंने कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी पूरी की है। ओडिशा बाइट्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने एक बैंक में सहायक प्रबंधक और फिर सहायक प्रोफेसर के रूप में भी काम किया था। वर्तमान में वह एक पर्सनालिटी डेवलपमेंट कोच के रूप में काम कर रही हैं। नवदीप का बहुआयामी व्यक्तित्व ही उन्हें खास बनाता है।

निजी जिंदगी

6 साल की बेटी की मां हैं नवदीप

नवदीप की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी शादी के सात साल हो चुके हैं। इसके बावजूद वह हर मोर्चे पर कामयाब हैं। उनकी एक 6 साल की बेटी भी हैं। अपने खाली समय में वह बच्चों के साथ समय बिताने और उन्हें शिक्षित करने में लगी रहती हैं। न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, वह लेडीज सर्कल इंडिया की गुडविल एंबेसडर हैं और उन्होंने 1,000 लड़कियों को शिक्षा देने के लिए गोद लिया है।

सामाजिक दायित्व

ऑटिस्टिक बच्चों को शिक्षित करने में जुटी हैं नवदीप

वह ऑटिस्टिक बच्चों को शिक्षित करने में हर महीने कुछ दिन बिताती हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के लिए व्यक्तित्व विकास की कक्षाएं लेती हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, "बचपन से ही मैं हमेशा सुष्मिता सेन के गौरव और देश को वैश्विक मानचित्र पर लाने के लिए दीवानी थी। मैंने हमेशा महिलाओं को प्रेरित करने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने देश को ख्याति दिलाने के योग्य कुछ करने का सपना देखा था।"

जानकारी

80 देशों की सुंदरियों को नवदीप ने दी टक्कर

बता दें कि 'मिसेज वर्ल्ड' विवाहित महिलाओं के लिए दुनिया का पहला ब्यूटी कम्पिटिशन है। इसमें 80 देशों के प्रतिभागी शामिल होते हैं। इसका मतलब है कि नवदीप ने 80 देशों की सुंदरियों से प्रतिस्पर्धा की है।