पंजाबी यूट्यूबर नैंसी ग्रेवाल कौन थीं, जिन्हें कनाडा में चाकू गोदकर उतारा मौत के घाट?
क्या है खबर?
कनाडा से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरी पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और विदेश में रह रहे भारतीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। ओंटारियो के लासाल शहर में 45 साल की मशहूर पंजाबी गायिका नैंसी ग्रेवाल की उन्हीं के घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। नैंसी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आइए जानें कौन थीं नैंसी ग्रेवाल।
परिचय
खालिस्तानी चरमपंथ के खिलाफ आवाज उठाती थीं नैंसी
नैंसी भारत के लुधियाना में पैदा हुई थीं। उनकी पढ़ाई भी पंजाब से ही हुई। इसके बाद वो कनाडा चली गईं। नैंसी सोशल मीडिया पर काफी मुखर थीं। वो अक्सर खालिस्तानी चरमपंथ के खिलाफ आवाज उठाती थीं और भारत-कनाडा संबंधों पर अपनी राय बेबाकी से रखती थीं। उनके इंस्टाग्राम पर हजारों फॉलोअर्स थे। वो अपनी गायकी और एंकरिंग के लिए भी मशहूर थीं। नैंसी की बहन ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उनकी हत्या की पुष्टि की है।
दुखद
बेटी की हत्या से गहरे सदमे में मां
नैंसी के पिता हरियाणा के सिरसा के एक कॉलेज से इंजीनियर थे। पिता के निधन के बाद नैंसी ने खुद अपनी मां की जिम्मेदारी संभाली हुई थी। नैंसी अपने पालतू कुत्ते और अपनी मां के साथ कनाडा के विंडसर में रहती थीं। बेटी की इस तरह सरेआम हत्या की खबर सुनकर उनकी मां गहरे सदमे में हैं। उनकी हालत बहुत खराब है। नैंसी अक्सर अपने वीडियो और पोस्ट में जिक्र करती थीं कि वो अपनी मां की एकमात्र सहारा हैं।
खतरा
बेबाक बयानबाजी के कारण नैंसी को पहले से था जान का खतरा?
नैंसी की मां ने पहले भी अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी, क्योंकि नैंसी अपनी बेबाक बयानबाजी (विशेषकर खालिस्तानी चरमपंथ के खिलाफ) के कारण अक्सर निशाने पर रहती थीं। नैंसी की मां ने अभी पुलिस या मीडिया को कोई औपचारिक लंबा बयान नहीं दिया है, क्योंकि वे बोलने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों (जैसे नैंसी की बहन) ने सोशल मीडिया पर इस अपार दुख को नैंसी के प्रशंसकों संग साझा किया है।