Page Loader
कौन हैं शीजान खान की बहनें फलक और शफक?
शीजान खान की बहनों फलक और शफक के बारे में कितना जानते हैं आप?

कौन हैं शीजान खान की बहनें फलक और शफक?

Jan 04, 2023
05:20 pm

क्या है खबर?

तुनिषा शर्मा आत्महत्या मामले में अभिनेता शीजान खान की गिरफ्तारी के बाद से ही उनकी बहनें फलक नाज और शफक नाज भी सुर्खियों में हैं। शीजान के बारे में तो सब जानते हैं, लेकिन उनकी बहनों के बारे में कम ही लोगों को जानकारी है। दोनों के बारे में लोग इसलिए भी जानना चाहते हैं, क्योंकि वे अपने भाई को बचाने में आगे रही हैं। उन्होंने शीजान पर लगे आरोपों को खारिज किया है। आइए उनके बारे में जानें।

लोकप्रियता

कई लोकप्रिय धारावाहिकों का हिस्सा रहीं फलक

शफक की बड़ी बहन फलक, तुनिषा के बेहद करीब थीं। वह टीवी का चर्चित चेहरा हैं। धारावाहिक 'ससुराल सिमर' का में उन्होंने जान्हवी भारद्वाज का किरदार निभाया था, जिस पर दर्शकों ने जमकर प्यार लुटाया था। फलक दिवंगत कोरियोग्राफर सरोज खान से डांस की ट्रेनिंग ले चुकी हैं। उन्होंने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में मुक्ति मां की शिष्या का किरदार निभाया था। फलक 'देवों के देव महादेव' और 'डोली अरमानों की' जैसे कई लोकप्रिय धारावाहिकों का हिस्सा रही हैं।

पहचान

'महाभारत' में कुंती बन चुकी हैं शफक

शफक लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री होने के साथ एक प्रशिक्षित कथक डांसर भी हैं। उन्होंने 2010 में 'सपना बाबुल का बिदाई' से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। उन्हें 'महाभारत' में कुंती की भूमिका के लिए जाना जाता है। शफक ने धारावाहिक 'चिड़ियाघर' में काम कर भी दर्शकों से वाहवाली लूटी। इसमें उन्होंने मयूरी का किरदार निभाया था। 2019 में शफक वेब सीरीज 'हलाला' में दिखीं और 2022 में वह हॉटस्टार पर आई फिल्म 'X और Y' में नजर आईं।

जानकारी

शफक का आखिरी शो

शफक 'सावधान इंडिया', 'कुल्फी कुमार बाजेवाला' और 'लाल इश्क' जैसे चर्चित धारावाहिकों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी हैं। पिछली बार 2022 में उन्हें धारावाहिक 'गुम है किसी के प्यार में' देखा गया था। इस शो में उन्होंने श्रुति पावेल की भूमिका निभाई थी।

जानकारी

सोशल मीडिया पर भी लोकप्रिय

फलक और शफक सोशल मीडिया पर भी लोकप्रिय हैं और दोनों बहनें इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहती हैं। जहां फलक के इंस्टाग्राम पर 10 लाख फॉलोअर्स हैं, वहीं शफक भी कम लोकप्रिय नहीं हैं। उन्हें इंस्टाग्राम पर छह लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

बयान

..जब फलक और शफक ने तोड़ी तुनिषा आत्महत्या मामले में चुप्पी

शीजान की गिरफ्तारी 25 दिसंबर को हुई थी। तभी से लोग उनके घरवालों के बयान का इंतजार कर रहे थे। 26 दिसंबर को फलक और शफक ने संयुक्त रूप से बयान जारी करते हुए कहा, "सभी दूसरी साइड की कहानी को जानना चाहते हैं, उतना ही हम भी इसे जानने में दिलचस्पी रखते हैं, लेकिन अभी हमारी निजता का ध्यान रखें।" उन्होंने कहा, "दोनों परिवार इस समय पीड़ित हैं। सही समय आने दीजिए। हम इस मामले पर बात जरूर करेंगे।"

नाराजगी

बीते दिनों फूटा बहनों का गुस्सा

फलक-शफक ने सोशल मीडिया पर हाल ही में अपने एक पोस्ट में लिखा, 'यह देखकर दिल टूट गया कि कैसे हमारी चुप्पी को कमजोरी समझा गया? शायद इसे ही घोर कलयुग कहते हैं। चीजें रिपोर्ट करने से पहले कहां गई मीडियावालों की रिसर्च? लोगों का कॉमन सेंस कहां है? उन्होंने लिखा, 'लोग शीजान को लेकर कहानियां बना रहे हैं। इस स्थिति ने यह उजागर कर दिया कि किसी को नीचा गिराने के लिए कोई किस हद तक जा सकता है?'

जानकारी

तुनिषा ने 24 दिसंबर को की थी आत्महत्या

तुनिषा-शीजान शो 'अलीबाबा: दास्तान-ए-काबुल' में साथ काम कर रहे थे। इसमें काम करने के दौरान ही उन्हें एक-दूसरे से प्यार हुआ, लेकिन बीते साल नवंबर में शीजान, तुनिषा से अलग हो गए। 24 दिसंबर को तुनिषा ने इसी शो के सेट पर आत्महत्या की थी।