'वेलकम' में रोल सुपरहिट, फिर भी मुश्ताक खान को निर्माताओं से मिली थी मामूली फीस
क्या है खबर?
दिग्गज अभिनेता मुश्ताक खान के अचानक निधन से सिनेमा जगत की हर आंखें नम हैं। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ते हुए उन्होंने 24 सितंबर को अपनी आखिरी सांस ली। वह भले अब जिंदा न हों, लेकिन फिल्म 'वेलकम' (2007) में उनका निभाया 'बल्लू' का किरदार यादगार रहेगा। खासतौर पर उनका डायलॉग "मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था" खूब लोकप्रिय हुआ था। हालांकि, मुश्ताक को अपने इस आइकॉनिक किरदार से भारी मलाल था।
पारिश्रमिक
20 दिन की ज्यादा मेहनत के बावजूद मिली थी बेहद कम फीस
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, मुश्ताक ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि 'वेलकम' के जिस किरदार (बल्लू) ने दर्शकों को खूब हंसाया, उसके पीछे उनका ऐसा अनुभव था जिसका मलाल उन्हें हमेशा रहा।
अभिनेता ने बताया था कि फिल्म के लिए उनकी फीस 1 लाख रुपये तय हुई थी।
उनके मुताबिक, शूटिंग तय समय से आगे बढ़ गई और उन्होंने 20 दिन अतिरिक्त शूटिंग की। इसके बावजूद पारिश्रमिक के तौर पर उन्हें सिर्फ 1 लाख रुपये थमाए गए थे।
खुलासा
अक्षय कुमार के स्टाफ से भी कम फीस मिली
NDTV से बातचीत में, मुश्ताक ने कहा था कि उन्हें इस बात का सबसे ज्यादा मलाल रहा कि मुख्य अभिनेता अक्षय कुमार के स्टाफ को उनसे ज्यादा फीस दी गई थी।
उन्होंने बताया था कि जब उन्होंने निर्माताओं से फीस की बात की, तो उनसे कहा गया कि इतनी बड़ी फिल्म का हिस्सा बनकर उन्हें खुश होना चाहिए।
बता दें, फिरोज नाडियाडवाला द्वारा निर्मित, 'वेलकम' ने उस वक्त दुनियाभर में 119 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाया था।