Page Loader
विवेक ने बांधे संदीप रेड्डी वांगा की तारीफों के पुल, राम गोपाल वर्मा से की तुलना
विवेक ओबेरॉय ने की संदीप रेड्डी वांगा की तारीफ (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@vivekoberoi)

विवेक ने बांधे संदीप रेड्डी वांगा की तारीफों के पुल, राम गोपाल वर्मा से की तुलना

लेखन मेघा
Jan 14, 2024
07:36 pm

क्या है खबर?

'एनिमल' ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई कर धमाल मचाया तो इसकी कहानी ने लोगों को दो गुटों में बांट दिया। एक ओर कुछ लोग फिल्म की तारीफ कर रहे हैं तो कुछ इसकी आलोचना करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। बीते दिनों जावेद अख्तर ने फिल्म की सफलता को खतरनाक बताया तो अनुराग कश्यप, संदीप रेड्डी वांगा के मुरीद हो गए। अब विवेक ओबेरॉय ने वांगा के साथ काम करने की इच्छा जताई और उनकी जमकर तारीफ की।

बयान

वांगा की फिल्म में काम करना चाहते हैं विवेक

PTI से बातचीत में विवेक ने वांगा के साथ काम करने की इच्छा जताते हुए कहा, "वांगा एक ऐसे व्यक्ति हैं, जो सिनेमा के दीवाने हैं। अगर किसी दिन वह मुझे फोन करके कहेंगे कि मेरे पास तुम्हारे लिए यह किरदार है तो मेरा जवाब होगा कि आप मेरी हां समझे।" उन्होंने कहा, "मैं उनके साथ काम करना चाहता हूं, वो लीक से हटकर सोचते हैं। वह मुझे राम गोपाल वर्मा की याद दिलाते हैं, जैसे वो हुआ करते थे।"

जानकारी

विवेक के पिता सुरेश आए वांगा की फिल्मों में नजर

विवेक ने 2002 की वर्मा की फिल्म 'कंपनी' से बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी। अब अभिनेता के पिता और अभिनेता सुरेश ओबेरॉय वांगा की 'एनिमल' और 2019 में आई तेलुगु फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' की रीमेक 'कबीर सिंह' में अभिनय करते दिखाई दिए।

विरोध

'एनिमल' का विरोध करने पर कही ये बात

'एनिमल' के विरोध को लेकर विवेक का कहना है एक रचनात्मक व्यक्ति के रूप में वह किसी का भी नैतिक आधारों के नाम पर मूल्यांकन नहीं करेंगे क्योंकि नैतिक सिद्धांत बदल सकते हैं। वह कहते हैं कि एक समय था जब अगर महिलाएं अपना सिर नहीं ढकती थीं तो उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ता था। नैतिक दिशा-निर्देश बदल जाते हैं इसलिए एक कलाकार के रूप में आपकी सीमाएं नहीं हो सकतीं। आपको चीजों को कलात्मक नजरिए से देखना होगा।

खुशी

पिता के 'एनिमल' का हिस्सा बनने से खुश हैं विवेक

विवेक ने अपने पिता सुरेश के इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में रणबीर कपूर के दादा का किरदार निभाने पर भी खुशी जताई। अभिनेता ने कहा, "वंगा मेरे पिता के पास आए कि आपको एनिमल का हिस्सा बनना होगा। आप कबीर सिंह में थे और मेरे लिए लकी चार्म साबित हुए। वांगा ने ही उन्हें इसमें शामिल किया और वो इसे खुश थे।" विवेक ने बताया कि उनके पिता को 'एनिमल' की सफलता के बाद काफी फिल्में भी मिल रही हैं।

आगामी सीरीज

इस वेब सीरीज में दिखेंगे विवेक

विवेक अब जल्द ही वेब सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' में नजर आने वाले हैं, जो 19 जनवरी को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस सीरीज में विवेक के अलावा सिद्धार्थ मल्होत्रा, शिल्पा शेट्टी और श्वेता तिवारी भी अहम भूमिका में हैं। यह सीरीज शेट्टी के कॉप यूनिवर्स का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत 2011 में फिल्म 'सिंघम' के साथ हुई थी। इस सीरीज से शेट्टी OTT की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।