NEET विवाद पर सरकार को घेरने के बाद क्या 'इंडियन आइडल' से बाहर हुए विशाल ददलानी?
क्या है खबर?
NEET पेपर लीक मामले पर सरकार के खिलाफ बोलने के बाद 'इंडियन आइडल' से निकाले जाने की अफवाहों को खुद विशाल ददलानी ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ किया है कि उन्हें शो के जज पैनल से नहीं हटाया गया है। सोशल मीडिया पर ये दावा किया जा रहा था कि NEET पेपर लीक मुद्दे पर सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने की वजह से उन्हें शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
वीडियो
रोने का नाटक करने लगे विशाल
विशाल ददलानी ने में 'इंडियन आइडल' के सेट से एक वीडियो साझा किया। इसमें वो पहले रोने का नाटक करते दिखे और फिर अचानक ठहाका मारकर हंस पड़े और कहा, "मैं यहीं हूं, बेबी।" इसके साथ विशाल ने लिखा, 'याद रखें, इंटरनेट पर दिखने वाली हर चीज पर भरोसा न करें। सोशल मीडिया पर चीजों को बहुत तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। सही चीज के लिए अपनी लड़ाई जारी रखें और जो कहना जरूरी है, उसे जरूर कहें।"
हमला
NEET पेपर लीक मामले पर विशाल का सरकार पर तीखा हमला
विशाल ने NEET पेपर लीक विवाद पर नाराजगी जताते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा था कि ये बेहद गलत है कि ऐसी घटनाएं हर साल हो रही हैं। उन्होंने सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे भी बदतर बात ये है कि कोई भी सरकारी एजेंसी इस धांधली की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं और सरकार के मंत्री इस गंभीर मुद्दे को ये कहकर टाल रहे कि यह कोई बड़ी बात नहीं है।
वार
"सत्ता चलाने वाले खुद शिक्षित नहीं"
विशाल ने कहा था कि सत्ता चलाने वाले लोग खुद शिक्षित नहीं। उन्होंने जनता से अपील की थी कि वे अगली बार सोच-समझकर बेहतर और पढ़े-लिखे जनप्रतिनिधियों को ही सत्ता में भेजें। विशाल ने कहा था, "अगर आप देश और अपना भविष्य सुरक्षित करना चाहते हैं तो बेहतर लोगों को चुनिए। इन अनपढ़ गुंडों को सत्ता में मत बैठाइए, भले ही वो आपकी जाति परिवार के क्यों न हों। बहुत हो चुका। आखिर हमारे देश का क्या हाल बना दिया?"
ट्रोलिंग
ट्रोलिंग के बीच फैली विशाल को शो से निकालने की झूठी खबर
विशाल के इस वीडियो और उनके तीखे राजनीतिक बयानों के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। अपनी इसी बेबाकी की वजह से इंटरनेट पर वो जमकर ट्रोल भी हो गए। ट्रोलिंग के बीच ही सोशल मीडिया पर ये अफवाह फैल गई कि उन्हें 'इंडियन आइडल' से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है, लेकिन विशाल के इस पोस्ट ने साफ कर दिया कि ये अफवाहें पूरी तरह बेबुनियाद हैं और वो शो का हिस्सा बने हुए हैं।