विशाल ददलानी ने जसलीन रॉयल से मांगी माफी, 'औसत से खराब गायिका' कहने पर जताया अफसोस
मशहूर संगीतकार विशाल ददलानी ने रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के मंच पर गायिका जसलीन रॉयल से दिल से माफी मांग ली है। दरअसल, साल 2025 में हुए कोल्डप्ले कॉन्सर्ट में जसलीन की परफॉर्मेंस की विशाल ने कड़ी आलोचना की थी और उन्हें औसत से भी खराब गायिका कह दिया था। अब जब जसलीन रैपर बादशाह के साथ अपने नए गाने 'इनाम' के प्रमोशन के लिए शो पर पहुंचीं तो विशाल ने अपनी उस पुरानी टिप्पणी के लिए उनसे माफी मांगी। इस माफी के साथ ही दोनों कलाकारों के बीच लंबे समय से चला आ रहा सार्वजनिक विवाद भी हमेशा के लिए खत्म हो गया है।
विशाल ने कबूली अपनी गलती
विशाल ददलानी ने खुले दिल से स्वीकार किया कि जसलीन को लेकर की गई उनकी टिप्पणियां सही नहीं थीं। उन्होंने कहा, "मेरा इरादा कभी भी आपको एक कलाकार के तौर पर नीचा दिखाने का नहीं था... मैं जसलीन के संगीत बनाने के हुनर की बहुत तारीफ करता हूं।" इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत में महिला संगीतकारों को आगे बढ़ाना और उनका समर्थन करना कितना जरूरी है, वहीं जसलीन रॉयल ने विशाल की इस माफी को स्वीकार तो कर लिया, लेकिन उन्होंने ये भी साफ किया कि इस आलोचना से उन्हें काफी दुख पहुंचा था, खासकर उनके पुराने पेशेवर संबंधों को देखते हुए।