विनोद कापड़ी की फिल्म 'पायरे' ने भारत में अच्छी-खासी चर्चा बटोरी है। अब यह फिल्म संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और यूनाइटेड किंगडम (UK) के सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।
UAE में फिल्म 27 नवंबर को रिलीज होगी, जबकि UK में इसे 11 दिसंबर को दर्शक देख पाएंगे। फिल्म का डिस्ट्रीब्यूशन दीपा भरत और अमनदीप ढिल्लों संभाल रहे हैं।
यह फिल्म कुमाऊं हिमालय की खूबसूरत वादियों की पृष्ठभूमि पर बनी है, जो पलायन और प्रेम की एक मार्मिक कहानी कहती है।
'पायरे' ने जीते 18 अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड
भारत में 30 अक्टूबर को रिलीज होने के बाद से 'पायरे' ने 18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए हैं। इनमें वॉशिंगटन DC, शिकागो और लंदन जैसे शहरों में मिले सर्वश्रेष्ठ फिल्म के सम्मान भी शामिल हैं।
इस फिल्म में नए कलाकार पदम सिंह कापड़ी और हीरा देवी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म को दुनिया भर के दर्शकों से खूब तारीफ मिली है, क्योंकि इसकी सार्वभौमिक थीम हर किसी को अपनी कहानी से जोड़ लेती है।