निठारी किलिंग पर आधारित दिनेश विजान की फिल्म में दिखेंगे विक्रांत मैसी
क्या है खबर?
विक्रांत मैसी ने बॉलीवुड में तेजी से अपनी पहचान बनाई है। एक के बाद एक वह कई चर्चित फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। आज के दौर में उन्हें इंडस्ट्री के सबसे व्यस्त अभिनेताओं में शुमार किया जाता है।
अब उनके खाते में एक नई फिल्म जुड़ गई है। सुनने में आ रहा है कि वह लोकप्रिय फिल्ममेकर दिनेश विजान की अगली फिल्म में नजर आएंगे।
यह फिल्म नोएडा के निठारी किलिंग पर आधारित है।
रिपोर्ट
दिनेश की मैडॉक प्रोडक्शन करेगी फिल्म का निर्माण
पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, विक्रांत दिनेश की अगली फिल्म में मौजूदगी दर्ज कराएंगे, जो निठारी कांड पर आधारित है। अभी इस फिल्म का शीर्षक निर्धारित नहीं किया गया है।
इस फिल्म का निर्माण दिनेश की मैडॉक प्रोडक्शन करेगी।
एक सूत्र ने बताया, "बहुत सारे निर्माताओं ने इस विषय पर फिल्म बनाने का विचार किया, लेकिन यह घटना उनके लिए विरोधाभास से भरी थी। फिल्म नोएडा के निठारी गांव में हुई भीषण हत्याओं के बारे में है।"
भूमिका
विलेन की भूमिका में नजर आएंगे विक्रांत
दिनेश के प्रोडक्शन की इस फिल्म की शूटिंग इसी साल शुरू हो सकती है। खबरों की मानें तो विक्रांत फिल्म में विलेन की भूमिका में नजर आएंगे।
रिपोर्ट में बताया गया है कि विक्रांत के साथ इंडस्ट्री के और कलाकारों को शामिल किया जाएगा।
इसको लेकर एक सूत्र ने कहा, "बड़े और अनुभवी कलाकारों को फिल्म में शामिल किया जाएगा और उनके नामों को गुप्त रखा गया है। इस साल की तीसरी तिमाही में फिल्म की शूटिंग शुरू होगी।"
मामला
जानिए क्या है नोएडा का निठारी कांड
2006 में नोएडा के निठारी गांव में बच्चों के कंकाल मिले थे। निठारी में 19 लोगों की हत्या का मामला सामने आया था, जिनमें अधिकांश बच्चे थे।
CBI को खोजबीन के दौरान मानव हड्डियों के कंकाल मिले थे। पुलिस का कहना था कि हत्या से पहले सभी बच्चों का यौन शोषण हुआ था।
मामले में सुरेंद्र कोली और मोनिंदर सिंह पंधेर को 29 दिसंबर, 2006 को गिरफ्तार किया गया था। इस घटना ने देश को हिलाकर रख दिया था।
वर्कफ्रंट
इन फिल्मों में भी नजर आएंगे विक्रांत
विक्रांत के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह हाल में शाहरुख खान के प्रोडक्शन की फिल्म 'लव हॉस्टल' में नजर आए हैं। यह फिल्म ZEE5 पर रिलीज हुई थी।
इसके अलावा वह संतोष सिवान की फिल्म 'मुंबईकर' में भी दिखने वाले हैं।
वह अपनी आगामी फिल्म 'फॉरेंसिक' में भी नजर आएंगे, जो सीधे ZEE5 पर दस्तक देगी। यह एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है, जिसमें विक्रांत के साथ राधिका आप्टे दिखाई देंगी।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
लक्ष्मण उतेकर और दिनेश की मैडॉक फिल्म्स ने एक फिल्म के लिए हाथ मिलाया है, जिसकी शूटिंग हाल में पूरी हुई है। इसमें विक्की कौशल और सारा अली खान मुख्य भूमिकाओं में दिखेंगे। दिनेश की फिल्म 'भेड़िया' जल्द दर्शकों के बीच आएगी।