सनी देओल से भिड़ने के लिए खलनायक बनेगा ये अभिनेता, फिल्म 'एंटनी' में देगा टक्कर
क्या है खबर?
सनी देओल इन दिनों अपनी फिल्म 'बॉर्डर 2' की शानदार सफलता का जश्न मना रहे हैं। पिछले कुछ समय से चर्चा थी कि उन्होंने अपनी अगली फिल्म के लिए एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ हाथ मिलाया है जिसमें उनके साथ साउथ अभिनेत्री ज्योतिका मुख्य किरदार में होंगी। ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि फिल्म का नाम 'एंटनी' होगा जो एक्शन-थ्रिल से भरपूर होगी। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में पहली बार सनी के सामने विजय वर्मा विलेन बनकर आएंगे।
शूटिंग
सनी देओल ने 'एंटनी' की शूटिंग शुरू कर दी
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, फिल्म 'एंटनी' की शूटिंग 27 फरवरी से आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है और इसके लिए सनी भी मुंबई लौट आए हैं। जुलाई, 2026 तक निर्माता शूटिंग पूरी करने की योजना बना रहे हैं, जिससे 2027 की शुरुआत तक फिल्म को सिनेमाघरों में उतारा जा सके। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट, एआर मुरुगाडोस के बैनर तले इस फिल्म का निर्माण कर रही है। फिल्म में सनी का जबरदस्त एक्शन अवतार दिखाई देगा।
फिल्म
सनी देओल के साथ पहली बार स्क्रीन साझा करेंगे विजय वर्मा
विजय को 'दहाड़', 'शी' और 'डार्लिंग्स' जैसी फिल्मों-सीरीज में नकारात्मक किरदार निभाते देखा गया है। यह पहला मौका होगा जब उन्हें अभिनेता सनी के सामने खलनायक के किरदार में देखा जाएगा। 68 वर्षीय अभिनेता के साथ फिल्मी पर्दे पर उनका पहला सहयोग है। फिल्म की कहानी और अन्य कास्टिंग से जुड़ी जानकारियाें को फिलहाल गुप्त रखा गया है। वहीं ज्याेतिका की बात करें, तो उन्हें अजय देवगन की हिंदी फिल्म 'शैतान' में पहले भी देखा जा चुका है।