थलापति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज तारीख आई, 5 महीने का इंतजार खत्म
क्या है खबर?
तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय के फैंस के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। सेंसर बोर्ड (CBFC) के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद और 5 महीने के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार विजय की सबसे चर्चित और उनकी आखिरी फिल्म 'जन नायकन' की नई रिलीज तारीख सामने आ गई है। ये थलापति विजय की आखिरी फिल्म है, जिसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
रिलीज
रिलीज को तैयार आखिरी फिल्म 'जन नायकन'
तमिल सुपरस्टार सी जोसेफ विजय (थलापति विजय) ने इसी महीने की शुरुआत में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उनके परिवार के साथ-साथ उनके लाखों फैंस और समर्थक शामिल हुए थे। अब इसी बीच उनकी आखिरी फिल्म 'जन नायकन' की नई रिलीज तारीख सामने आई है, जो सेंसर बोर्ड (CBFC) की प्रमाणन प्रक्रिया में फंसी हुई थी और पिछले 5 महीनों से अधर में लटकी हुई थी।
अपडेट
टिकटिंग ऐप्स पर अपडेट देख झूम उठे फैंस
दरअसल, कुछ ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म्स पर इस फिल्म की रिलीज तारीख को अपडेट कर दिया गया है। हालांकि, निर्माताओं की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। टिकटिंग प्लेटफॉर्म 'डिस्ट्रिक्ट') पर फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज तारीख 19 जून दिखाई जा रही है, जबकि मशहूर बुकिंग प्लेटफॉर्म 'बुक माय शो' पर इसकी रिलीज की तारीख को अपडेट करके सिर्फ 'जून' कर दिया गया है। ये देखनेभर से फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है।
रिलीज
इस साल 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी फिल्म
एच विनोद के निर्देशन में बनी 'जन नायकन' विजय की बतौर अभिनेता आखिरी फिल्म है, जिसमें उनके साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और ममिता बैजू जैसे कलाकार नजर आएंगे। ये फिल्म पहले 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड (CBFC) से समय पर सर्टिफिकेट न मिलने के कारण इसे टालना पड़ा था। पिछले दिनों निर्माता ने कहा था कि फिल्म को अब तक सेंसर बोर्ड ने पास नहीं किया है।
इंतजार
सेंसर के सर्टिफिकेट और निर्माताओं की घोषणा का इंतजार
फिल्म की रिलीज में हुई देरी को लेकर विजय ने तत्कालीन सत्ताधारी दलों पर 'साजिश' रचने का आरोप लगाया था। अप्रैल में 'जन नायकन' पायरेसी का शिकार हो गई थी। हालांकि, अब टिकटिंग वेबसाइटों पर इस फिल्म की रिलीज को लेकर नए अपडेट्स दिख रहे हैं, लेकिन जब तक सेंसर बोर्ड सर्टिफिकेट जारी नहीं कर देता और निर्माता खुद आधिकारिक घोषणा नहीं करते, तब तक फिल्म की रिलीज पर सस्पेंस पूरी तरह खत्म नहीं माना जा सकता।