Page Loader
विजय देवरकोंडा से प्रभास तक, इन साउथ सुपरस्टार्स का नहीं चला बॉलीवुड में जादू
इन साउथ सुपरस्टार्स का नहीं चला बॉलीवुड में जादू

विजय देवरकोंडा से प्रभास तक, इन साउथ सुपरस्टार्स का नहीं चला बॉलीवुड में जादू

Sep 12, 2022
07:52 am

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सिनेमा के कलाकारों के प्रति पूरे देश में दीवानगी देखने को मिलती है। पिछले साल 'पुष्पा' रिलीज होने के बाद अल्लू अर्जुन फैंस के बीच लोकप्रिय हो गए थे। जब 'KGF 2' रिलीज हुई, तो इसके जरिए साउथ अभिनेता यश को अपार शोहरत मिली। 'RRR' के मुख्य कलाकार राम चरण और जूनियर NTR को भी लोग पसंद करते हैं। आइए साउथ के उन सुपरस्टार्स पर गौर फरमाते हैं, जिनका बॉलीवुड में सिक्का नहीं चल पाया।

#1

विजय देवरकोंडा

विजय देवरकोंडा की हालिया रिलीज हुई 'लाइगर' बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह से पिट गई। यह देवरकोंडा की बॉलीवुड डेब्यू फिल्म थी। फिल्म 25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें उनके साथ अनन्या पांडे नजर आई थीं। खबरों की मानें तो देवरकोंडा ने निर्माताओं को अपनी फीस से छह करोड़ रुपये वापस करने का फैसला किया है। बताया गया था कि अभिनेता चाहते हैं कि उनकी फिल्म से प्रोड्यूसर्स को होने वाले नुकसान का बोझ कम हो।

#2

प्रभास

पैन इंडिया फिल्म 'बाहुबली' में प्रभास ने दर्शकों को अपना मुरीद बना लिया था। इस फिल्म ने उन्हें हिंदी पट्टी में भी खूब शोहरत दिलाई। 2019 में रिलीज हुई 'साहो' से उन्होंने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी। साउथ में कई हिट फिल्में दे चुके प्रभास बॉलीवुड में कोई बड़ा कमाल नहीं कर पाए। उनकी पहली ही फिल्म को दर्शकों ने नकार दिया था। इसमें उनके साथ अभिनेत्री श्रद्धा कपूर पर्दे पर नजर आई थीं।

#3

राम चरण

'RRR' के जरिए सफलता की इबारत लिखने वाले साउथ अभिनेता राम चरण बॉलीवुड में असफलता का स्वाद चख चुके हैं। उनकी बॉलीवुड डेब्यू फिल्म 'जंजीर' दर्शकों को सिनेमाघरों में लाने में नाकामयाब रही थी। यह एक्शन थ्रिलर फिल्म 2014 में आई थी। इसमें संजय दत्त, प्रियंका चोपड़ा, प्रकाश राज और अतुल कुलकर्णी जैसे कलाकार नजर आए थे। इस फिल्म को IMDb पर मात्र 3.3 रेटिंग मिली हुई है।

#4

पृथ्वीराज सुकुमारन

इस फेहरिस्त में साउथ अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन का नाम भी शामिल है। इस मलयालम सुपरस्टार की बॉलीवुड डेब्यू फिल्म 'अय्या' फ्लॉप साबित हुई थी। यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 2014 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में पृथ्वीराज की जोड़ी दिग्गज अदाकारा रानी मुखर्जी के साथ बनी थी। सचिन कुंडलकर ने इसका निर्देशन किया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर केवल 9.58 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।